
भोपाल. मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार में खेमेबाजी की खबरें कोई नई नहीं हैं। जिस दिन से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है गुटबाजी की खबरें सामने आती रही हैं। सिंधिया खेमे के मंत्री और सीएम कमल नाथ ( kamal Nath ) खेमे के मंत्रियों के बीच मनमुटाव की खबरों के बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया ( Jyotiraditya Scindia ) के लिए राहत देने वाली खबर दिग्विजिय सिंह गुट के कद्दावर नेता और प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ गोविंद सिंह ने दी है। शनिवार को मध्यप्रदेश की सियासत में उस वक्त एक बार फिर से हलटल तेज हो गई जब डॉ गोविंद सिंह ने सिंधिया को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का समर्थन किया।
क्या कहा गोविंद सिंह ने
डॉ गोविंद सिंह ने कहा- ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। वो लंबे समय से कांग्रेस की सेवा करते आ रहे हैं अगर पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाती है तो प्रदेश में संगठन मजबूत होगा। गोविंद सिंह ने कहा- जिस तरह से कमल नाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है उसी तरह सिंधिया के नेतृत्व में प्रदेश में संगठन मजबूत होगा।
भाजपा पर भी साधा निशाना
डॉ गोविंद सिंह ने भाजपा पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश की जनता बीजेपी से त्रस्त है। आकाश विजयवर्गीय के मुद्दे पर गोविंद सिंह ने कहा- आपराधियों को संरक्षण देने वाली भाजपा की बोलचती बंद हो गई है। बता दें कि आकाश विजयवर्गीय नगर निगम के नेता की पिटाई करने के बाद से जेल में बंद हैं।
दिग्विगज खेमे के हैं गोविंद सिंह
डॉ गोविंद सिंह भिंड जिले की लहार विधानसभा सीट से विधायक हैं। डॉ गोविंद सिंह को दिग्विजय सिंह खेमे का माना जाता है। गोविंद सिंह, दिग्विजय सिंह के सबसे करीबी नेताओं में से एक हैं। सिंधिया खेमे और दिग्विजय सिंह के खेमे में अनबन की कई खबरें आ चुकी हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान प्रदेश के तीनों बड़े नेता एक साथ एक मंच पर दिखाई नहीं दिए थे।
सिंधिया समर्थक कई मंत्री कर चुके हैं मांग
ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक कई मंत्री उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग कर चुके हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी ने कहा था कि अब समय आ गया है कि महाराज को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान सौंप देना चाहिए। इसके अलावा सिंधिया खेमे के सभी मंत्री उनके प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की मांग कर चुके हैं।