भोपाल

हेड और नेक कैंसर को बढ़ाता है काइनेस प्रोटीन पीएके2

आईसर भोपाल के रिसर्चर्स ने खोजा कैंसर का कारण, भविष्य में इलाज में मिलेगी मदद  
2 min read
• •
Updated: 7 Aug 2018, 1:19 PM IST
doctor
हेड और नेक कैंसर को बढ़ाता है काइनेस प्रोटीन पीएके2

भोपाल। हेड और नेक के कैंसर को लेकर भोपाल के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च (आईसर) के शोधार्थियों ने बड़ी खोज की है। उन्होंने बताया कि हेड और नेक के कैंसर के दौरान बड़ी मात्रा में उत्पन्न होने वाला काइनेस प्रोटीन पीएके-2 को खत्म या कंट्रोल किया जाए तो यह कैंसर के विकास को रोकने में सक्षम है। इस शोध को आईसर के बायोलॉजिकल साइंस डिपार्टमेंट के प्रो. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में शोधार्थी अमित गुप्ता ने किया है। यह शोध पत्र जर्नल सेज डेथ एंड डिजीज एंड में प्रकाशित भी हो चुका है।

कैंसर को प्रभावित करने वाले काइन्स प्रोटीन पीएके2 पर शोध
काइनेस प्रोटीन पीएके2 कैंसर सेल की ग्रोथ को बढऩे व फैलने में मदद करता है। शोध के दौरान 26 सैंपल में से 24 में पीएके2 का लेवल बड़ा हुआ पाया गया ।यहां तक कि कैंसर में इस्तेमाल होने वाला ड्रग के लिए भी रेजिसटेंस पैदा करता है जिससे दवाइंयों का असर कम हो जाता है। पीएके2 प्रोटीन लेवल को घटाने से बीटा केटेनिन का एक्टिवेशन प्रभावित होता है जो आगे कैंसर जीन्स सी-मिक के लेवल पर असर डालता है। कैंसर जीन के कम बनने से मेटाबोलिक एंजाइम पीकेएम2 भी कम उत्पन्न होता है जो कि कैंसर सेल में ग्लूकोस को लेक्टेट में बदलने में मदद करता है। इस प्रक्रिया को वारबर्ग इफ़ेक्ट कहते हैं जो कि कैंसर सेल के बढ़ने में मदद करता है । इस तरह कैंसर की पूरी प्रोसेस प्रभावित होती है।

चार साल की मेहनत
शोध करने वाली टीम में कुल छह लोग हैं जिनमें मुख्य शोधार्थी अमित गुप्ता के अलावा उनका मार्गदर्शन करने वाले प्रो. संजीव शुक्ला, अथिरा अजीत, स्मृति सिंह, डॉ. राजेन्द्र कुमार पांडे और डॉ. अतुल समैया हैं। प्रो. शुक्ला बताते हैं कि यह चार साल की मेहनत का नतीजा है। भविष्य में यदि आगे और शोध किया जाए और पीएके 2 प्रोटीन को खत्म करने वाले कोई दवाई बन पाए तो यह कैंसर के उपचार की दिशा में बड़ा कदम होगा ।

भोपाल में ओरल कैंसर के केस ज्यादा
अमित गुप्ता बताते हैं कि शोध में इस विषय को लेने के पीछे कारण यह था कि भोपाल में सामान्यत: बड़ी संख्या में ओरल कैंसर से जुड़़े केस अस्पतालो में आते हैं। इस कारण मुझे लगा की इस फील्ड को एक्सप्लोर करना जरूरी है, ताकि दुनिया के साथ हमारे शहरवासियों को भी इस शोध से लाभ मिल सके। यहीं से इस पर काम करने की प्रेरणा मिली।

Published on: