भोपाल

MP में भारी बारिश का दौर जारी, 997 मिमी बरसा पानी, बिगड़ा मौसम, अगले 48 घंटे रहें सावधान!

मेहरबान मानसून: अब तक सबसे ज्यादा 1491 मिमी होशंगाबाद तो सबसे कम 562 मिमी बारिश ग्वालियर मेंप्रदेश में 997 मिमी पानी बरसा, सामान्य से 19% ज्यादा
2 min read
• •
Updated: 9 Sep 2019, 8:57 AM IST
MP में भारी बारिश का दौर जारी,  997 मिमी बरसा पानी, बिगड़ा मौसम, अगले 48 घंटे रहें सावधान!
MP में भारी बारिश का दौर जारी, 997 मिमी बरसा पानी, बिगड़ा मौसम, अगले 48 घंटे रहें सावधान!

भोपाल. पूरे प्रदेश में भारी बारिश ( Heavy rain ) का दौर जारी है। इस मानसून सीजन में प्रदेश में अब तक 997.2 मिमी बारिश हो चुकी है। आठ सितंबर तक बारिश का सामान्य स्तर 834.2 मिमी है। अभी 19 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है। यह स्थिति 2016 के बाद बनी है।

प्रदेश में अब तक सबसे अधिक बारिश होशंगाबाद में 1491.6 मिमी हुई है। सबसे कम बरसात ग्वालियर में 562 मिमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ( weather department ) के अनुसार अगले 48 घंटे मौसम ऐसे ही बना रहेगा। इसके बाद मानसून की सक्रियता कम होनी की उम्मीद है। आने वाले 5 दिनों तक प्रदेश में रिमझिम बारिश होती रहेगी।

सबसे अधिक बरसात वाले जिले


होशंगाबाद 1492
मंदसौर 1485
रायसेन 1405

सबसे कम बरसात वाले जिले


शिवपुरी 601.4
भिंड 580.5
ग्वालियर 562

बच्ची उफनते नाले में जा गिरी, एक घंटे की तलाशी के बाद निकाला

भोपाल खजूरी इलाके में रविवार दोपहर खेलते समय दो साल की बच्ची उफनते नाले में बह गई। करीब एक घंटे के तलाशी अभियान के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया। खजूरी सड़क पुलिस के अनुसार, फंदा गांव के प्रकाश सेन की दो साल की बेटी अनुष्का रविवार दोपहर करीब ढाई बजे बच्चों के साथ पुलिया के पास खेल रही थी।

पुलिया के नीचे पानी तेज बहाव से बह रहा था। अनुष्का अपनी बड़ी बहन का हाथ पकड़े थी, तभी पुलिया पर पैर फिसलने से वह बहते हुए नाले में जा गिरी। प्रशासन ने पीडि़त परिवार को चार लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। गुना में दो बच्चों की मौत हो गई। जबलपुर में दो लोग पुल पार करते समय बह गए।

4 घंटे की मशक्कत, पानी के तेज बहाव के कारण नहीं मिला शव

भदभदा डैम में एक युवक ने छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। शाम को डैम के चार गेट खोले गए थे। पुल पर भीड़ जमा थी। भीड़ ने पुलिस को बताया कि एक युवक दौड़ता हुआ आया। रैलिंग पर चढ़ा और डैम में छलांग लगा दी। युवक कौन है, कहां का रहने वाला है। पहचान नहीं हो सकी है। पानी का तेज बहाव और गहराई होने के कारण उसका शव नहीं मिला। नगर-निगम और होमगार्ड के साथ एसडीआरएफ टीम चार घंटे तक शव की तलाश करते रहे। यह मामला रातीवड़ थाना क्षेत्र का है।

सीएसपी उमेश तिवारी ने बताया कि रविवार शाम करीब पांच बजे एक युवक के डैम में कूदने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद नगर-निगम और होमगार्ड के साथ एसडीआरएफ टीम के गोतखोरों को बुलाया गया। युवक की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम को डैम में उतारा गया। डैम में पानी फुल टैंक होने के चलते गहराई अधिक और चार गेट खुले होने के चलते बहाव तेज था। लिहाजा, रात नौ बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

अंधेरा होने और लगातार बारिश होने के चलते रेस्क्यू रोक दिया गया। सोमवार सुबह फिर से ऑपरेशन चलाया जाएगा। युवक कौन है, कहां का रहने वाला है। पता नहीं चल सका है। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि एक युवक दौड़ता हुआ आया था। आते ही वह रैलिंग पर चढ़ा और डैम में छलांग लगा दी। उसकी एक चप्पल पानी में उतरा गई थी। फिलहाल पुलिस ने इस अज्ञात मामले में रातीवड़ थाने में मामला दर्ज कर जांच में ले लिया गया है।

Updated on:
9 Sep 2019, 8:57 AM IST
Published on: