
mp bjp : बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में मध्यप्रदेश का वर्चस्व साफ दिखाई दे रहा है। प्रदेश के 6 नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं जबकि नई कार्यकारिणी में शामिल 2 अन्य नेता भी मध्यप्रदेश से जुड़े हैं। राष्ट्रीय नेतृत्व ने अन्य राज्यों की तुलना में एमपी के नेताओं को खासी अहमियत दी है। राष्ट्रीय टीम में प्रदेश के दबदबे पर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इससे राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश भाजपा का संगठनात्मक प्रभाव और कद बढ़ेगा।
मध्यप्रदेश के बड़े नामों को दरकिनार कर युवा और फ्रेश चेहरों को राष्ट्रीय टीम में जगह दी गई है। नितिन नवीन ने इस कवायद में जातीय संतुलन भी साधा है। खास बात यह है कि पीढ़ी परिवर्तन के फॉर्मूले पर दायित्व दिए गए हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई कार्यकारिणी में एमपी के छह नेताओं को अहम जिम्मेदारी मिली हैं। इन सभी को अलग-अलग विंग का दायित्व सौंपा गया है। लालसिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाकर खासी तवज्जो दी गई है। खरगोन के सांसद गजेंद्र पटेल को बीजेपी का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। खजुराहो सांसद व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा को भी प्रकोष्ठ संकुल संयोजक की बड़ी जिम्मेदारी दी है।
महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने के क्रम में मध्यप्रदेश की राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है जबकि राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी दी है। एमपी बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल को भी नितिन नवीन ने तरजीह देते हुए राष्ट्रीय मीडिया सह- संयोजक नियुक्त किया है।
इतना ही नहीं, एमपी से संबंधित अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी राष्ट्रीय टीम में अहम स्थान दिया गया है। विदिशा जिले के सौदान सिंह (चंडीगढ़) को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) बनाया है। इसके साथ ही मप्र कोटे से राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ (पंजाब) कार्यालय प्रभारी बने हैं।
बीजेपी की राष्ट्रीय टीम में मध्यप्रदेश के आधा दर्जन से ज्यादा नेताओं को प्रमुख पद दिए गए हैं। इस पर प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रसन्नता जताई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रदेश के नेताओं को अहम दायित्व दिए जाने से राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश भाजपा का वर्चस्व और बढ़ेगा।
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी में दायित्व मिलना कार्यकर्ताओं के समर्पण, परिश्रम और निष्ठा का सम्मान है। इन नेताओं का अनुभव भाजपा को नई मजबूती देगी। हेमंत खंडेलवाल ने कहा, पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में 'राष्ट्र प्रथम' की भावना से संगठन को आगे बढ़ाएंगे।