भोपाल

हॉकी एमपी ने जीती राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप, उपासना की हैट्रिक

11वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला नेशनल चौंपियनशिप

2 min read
Oct 31, 2021

भोपाल. हॉकी मध्यप्रदेश की महिला टीम ने झांसी में आयोजित 11वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला नेशनल चैंपियनशिप में विजेता बनी है। हॉकी मप्र ने फाइनल में हॉकी हरियाणा को 1-0 से हराया। हॉकी पंजाब टीम तीसरे स्थान पर रही। हॉकी मप्र की 18 सदस्यीय टीम में 15 खिलाड़ी मप्र महिला हॉकी अकादमी की रहीं। फाइनल कशमकश भरा रहा।

हॉकी मप्र और हॉकी हरियाणा ने मैच के पहले ही मिनट से ताबड़तोड़ हमले किए। 9वें मिनट में हॉकी मप्र को पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस पर कंचन निधि केरकेट्टा ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। फिर हरियाणा टीम ने जवाबी हमले किए। मप्र की गोलकीपर नंदिनी कुशवाह ने शानदार बचाव करते हुए गोल नहीं होने दिया। इस 1-0 के स्कोर के साथ हॉकी मप्र चैंपियन बनी। हॉकी पंजाब ने हॉकी महाराष्ट्र को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।

हॉकी मप्र ने किए 51 गोल
इस चैंपियनशिप में हॉकी मप्र ने शानदार प्रदर्शन कर कुल 51 गोल दागे। हॉकी मप्र ने सबसे बड़ी जीत गुजरात के खिलाफ 28-0 से दर्ज की। हॉकी मप्र के खिलाफ पूरे चैंपियनशिप में मात्र दो ही गोल हुए। मप्र की उपासना सिंह ने लीग मुकाबले में हॉकी बंगाल के खिलाफ हैट्रिक भी जमाई थी।

एलके स्टार और तारिक इलेवन सेमीफाइनल में
वही एलके स्टार गुजरात और तारिक इलेवन भोपाल की टीम ने यहां खेली जा रही भारत की सबसे बड़ी 30 लाख इनामी राशि वाली स्व. आलोक माहेश्वरी टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जगह बनाई। पहले मैच में एलके स्टार गुजरात ने आरसीसी बनखेड़ी की टीम को रोमांचक मैच में 15 रन से हराया। ओल्ड कैंपियन मैदान पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एलके स्टार गुजरात की टीम ने अर्जुन जडेजा के 71 और योगेश के 48 रनों की मदद से 8 ओवरों में 6 विकेट पर 135 रन बनाए। जवाब में उतरी आरसीसी बनखेड़ी की टीम निर्धारित 8 ओवर में 8 विकेट पर 120 रन बना सकी। मैन ऑफ द मैच अर्जुन जडेजा बने। दूसरे क्वार्टरफाइनल में तारिक इलेवन भोपाल ने गोवा को ८ विकेट से हराया। गोवा की टीम ने बड्डी के 35 रनों की मदद से 8 ओवर में 7 विकेट पर 81 रन बनाए। अखिलेश सिंह ने 3 और विजय पावले ने 2 विकेट लिए। जवाब में तारिक इलेवन की टीम ने कृष्णा सातपुते के 47 रनों की मदद से 2 विकेट पर लक्ष्य प्राप्त कर लिया।

Published on:
31 Oct 2021 01:40 pm
Also Read
View All