
Kareena Kapoor : फिल्म अभिनेत्री करीना कपूर खान फिर सुर्खियों में हैं। उनकी एक सोशल मीडिया पोस्ट ने विवाद खड़ा कर दिया है। इस पोस्ट में वे भोपाल रियासत की तत्कालीन बेगम का पेंडेंट और कलगी पहने हुए शाही लिबास में नजर आ रही हैं। पेंडेंट में कुरान की आयतें लिखी हुईं हैं जिससे नाराज कांग्रेस नेता हफीज अब्बास ने कानूनी नोटिस भेजकर पोस्ट हटाने और माफी की मांग की है। जानकारी के अनुसार 30 कैरेट के पन्ना से सजा यह पेंडेंट भोपाल रियासत की आखिरी बेगम साजिदा सुल्तान का है। वे करीना के पति फिल्म एक्टर व नवाब पटौदी परिवार के सैफ अली खान की नानी थीं। भारत के विलय के समय भोपाल नवाब की सारी संपत्ति कानूनन सरकार की हो चुकी थी पर इनमें जेवर शामिल नहीं थे। यही कारण है कि भोपाल की बेगमों की यह बेशकीमती दौलत पुश्तैनी रूप में करीना के हाथों में आ गई। उनका भी यह पसंदीदा पेंडेंट है।
करीना कपूर खान की पोस्ट को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता अब्बास हफीज ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि करीना ने इंस्टाग्राम पोस्ट में जो गहने पहने हैं, उनमें एक पेंडेंट और कलगी शामिल है। ये दोनों भोपाल रियासत और राजपरिवार की विरासत का हिस्सा हैं। इसे पहनने पर कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन उन्होंने जिस पेंडेंट को पहना है उसपर कुरान की आयतें लिखी हुई हैं। ऐसे में आस्था से जुड़ी चीज को इस तरह पहनकर दिखाना गलत है। इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
अब्बास के मुताबिक, यह पेंडेंट भोपाल की बेगमों शाहजहां बेगम और सुल्तान जहां बेगम ने अपनी आस्था और इबादत के लिए बनवाया था। इसे फैशन या दिखावे के लिए नहीं बनाया गया था। मुस्लिम समुदाय में कुरान की आयतों का बहुत सम्मान किया जाता है। लोग बिना वजू किए इन्हें छूने से भी बचते हैं। उन्होंने कहा कि इस्लामिक धर्मगुरु भी कुरान की आयतों को गहनों के रूप में इस्तेमाल करने के खिलाफ रहे हैं।
करीना को यह पेंडेंट और कलगी विरासत में मिली। करीना ने इन्हें बेगम के लिबास के साथ दिवाली पर पहना था और इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी थी। इस पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिलीं।
बता दें कि भोपाल के आखिरी नवाब हमीदुल्लाह खान ने जब भारत में विलय किया तो उनका पूरा खजाना सरकार का हो गया था। 1 जून 1949 से भोपाल नवाब की सारी संपत्ति केंद्र सरकार की संपत्ति बन गई थी। हालांकि विलय समझौते के अंतर्गत पुश्तैनी महल, जमीन और जेवर आदि को निजी संपत्ति माना गया जोकि नवाब परिवार की ही बनी रही। बेगमों के जेवरों आदि की इसी दौलत की अब करीना कपूर मालकिन बन चुकी हैं। 1870 के दशक की कई तस्वीरों में भोपाल की बेगमें रत्न जड़ित आभूषणों में दिखाई देती हैं।