
Bhopal news: मध्यप्रदेश के भोपाल शहर में एक चौंकाने वाले मामला सामने आया है। यहां पर पत्नी के शौक पूरे करने कर्मचारी ने उसी शोरूम से लग्जरी गाड़ी उड़ा ली, जहां वह काम कर रहा था। अशोका गार्डन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद, मूल निवासी होशंगाबाद के रूप में हुई है। वह भोपाल के के अशोका गार्डन इलाके में किराए पर रहता है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी फॉक्स वैगन वर्टस जीटी कार बरामद कर ली है। आरोपी ने पूछताछ में बताया, उसकी पत्नी को महंगी कारों का शौक है। उसे ही पूरा करने उसने 23 लाख की कार चुराई थी।
थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया, आरोपी पिछले करीब एक साल से शोरूम में काम कर रहा था। इससे पहले वह स्कोडा के शोरू में भी काम कर चुका है। 28 सितंबर की रात वह शोरूम से कार लेकर चला गया था। यह कार एक ग्राहक के नाम पर बुक की गई थी। घटना के बाद कंपनी ने जब स्टॉक का मिलान किया तो कार गायब होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद जीपीएस लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की गई। बाद में पूरा मामला खुला कि कार चोरी की गई थी।
शुरुआत में शोरूम के सीसीटीवी कैमरों में आरोपी का चेहरा साफ नजर नहीं आने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। इधर, शुक्रवार रात कार की लोकेशन नर्मदापुरम रोड स्थित आशिमा मॉल के पास मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी की पत्नी कार चलाते हुए मिली। इसके बाद जांच में कर्मचारी की भूमिका सामने आई। सारी बातों को समझने के बाद कंपनी के सामने आरोपी ने अपनी गलती भी स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है। इस पूरे मामले में फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कार चोरी करने में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं था। कार चोरी के बारे में पुलिस पत्नी से भी पूछताछ करने जाएगी।