
MP Weather Update : इन दिनों मध्य प्रदेश के लगभग पूरे इलाकों में मानसून सक्रिय है। यही कारण है कि, इस बार राजधानी भोपाल स्थित राज्य मौसम विभाग ने सूबे के उत्तरी, पश्चिमी और मध्य इलाकों में आगामी 3 दिन अलग अलग इलाकों में अति भारी से लेकर भारी और मध्यम बारिश के अलर्ट जारी किए हैं। कई जिलों के लिए भारी से अति भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है। इनमें भिंड, दतिया और सागर जिले में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर और चंबल संभाग समेत आसपास के इलाकों में तेज बारिश की संभावना है। वहीं, विभाग ने अधिक प्रभावित इलाकों में आमजन से सतर्क रहने की अपील की है।
मध्य प्रदेश में अलग-अलग मौसम प्रणालियों के प्रभाव के चलते उत्तरी, पश्चिमी और मध्य इलाकों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की जा सकती है। इससे किसानों को लाभ होने की उम्मीद तो है ही, जलस्रोतों के जलस्तर में भी सुधार होने की उम्मीद है।
प्रदेश के भिंड, दतिया और सागर जिलों में अति भारी बारिश की संभावना जताते हुए बारिशका ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों में 8 इंच से अदिक बारिश होने की संभावना है। जलभराव की स्थिति बनने के भी आसार हैं। इसी के चलते प्रशासन और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और बारिश के बीच अनावश्यक घरों से न निकलने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, शाजापुर, राजगढ़, आगर-मालवा, उज्जैन, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, दमोह, मैहर और सिवनी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
जाता अपडेट के अनुसार, प्रदेश के भोपाल, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, नीमच, मंदसौर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, मुरैना, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर और निवाड़ी जिलों में हल्की से लेकर तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
प्रदेश के 40 जिलों में सामान्य से 3 फीसदी से लेकर 50 फीसद तक कम बारिश दर्ज हुई है। सबसे ज्यादा असर पूर्वी प्रदेश के इलाकों में दिख रहा है। वहीं, जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के जिलों में औसतन 19 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
प्रदेश के सिर्फ 15 जिलों में ही सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई है। इनमें अनूपपुर, डिंडौरी, निवाड़ी, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, गुना, ग्वालियर, खरगोन और राजगढ़ शामिल हैं। इन जिलों में मानसून अब तक अपेक्षाकृत ज्यादा मेहरबान रहा है।