भोपाल

कांग्रेस का मिशन 2018: अब इस रणनीति से मैदान में उतरेगी पार्टी

पीसीसी रोड मैप बनाने में जुटी, रोड मैप बनाने की बात पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने पीसीसी से की थी।

2 min read
Dec 04, 2017
congress politics

भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस नेताओं ने मिशन 2018 पर फतह करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं, इसे लेकर पीसीसी रोड मैप बनाने में जुट गई है। रोड मैप बनाने की बात पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने पीसीसी से की थी। वहीं यह भी माना जा रहा है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की पार्टी अध्यक्ष के रूप में ताजपोशी होने के बाद मध्यप्रदेश में कांग्रेस नेताओं की सक्रियता ज्यादा दिखाई देना शुरू हो जाएगी।

वहीं सूत्रों का कहना है कि जनवरी से प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के प्रदेश में दौरा करने की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसके लिए एआईसीसी दिग्गज नेताओं की मर्जी से रोड मैप तय कर रही है। यह भी माना जा रहा है कि इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रदेश भर में दौरे करने होंगे।

ये दोनों नेता अलग-अलग दौरे करेंगे। इसमें कुछ स्थानों पर इनकी सभाएं भी रखी जाएगी, वहीं ये दिग्गज नेता कुछ स्थानों पर कार्यकर्ता सम्मेलनों में भी शामिल होंगे। इन दोनों नेताओं के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी भी जल्द ही मुंगावली और कोलारस में सभा कर सकते हैं।

जारी हैं तैयारियां
वहीं दूसरी ओर कुछ ऐसा ही रोड मैप पीसीसी में भी बनाया जा रहा है। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव भी जिलों में जाकर कार्यकर्ता सम्मेलन करेंगे। यादव भी जनवरी से अधिकांश समय प्रदेश के जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन, जिला पदाधिकारियों की बैठक में ही दिखाई देंगे। इसके साथ ही किसान, व्यापमं के अलावा भ्रष्टाचार को चुनावी मुद्दा बनाने के लिए होमवर्क शुरू हो गया है।

इधर सुब्रमण्सम बोले:राहुल को जबरन पहनाया गया था जनेऊ :-
सोमवार को भोपाल आए भाजपा सांसद डॉ. सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा है कि अयोध्या में जल्द ही राम मंदिर बनेगा और हम अगली दीवाली वहीं मनाएंगे। राजधानी के एक होटल में जन परिषद के तीन दिवसीय कांफ्रेंस के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे स्वामी ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि सभी भक्त अगली दीवाली राम मंदिर में मनाएंगे। कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए स्वामी ने कहा कि वे राजीव गांधी की अन्त्येष्टि में मौजूद थे। राहुल गांधी को तब जबरन जनेऊ पहनाया गया था तो उन्होंने कपड़ों के ऊपर से पहन लिया।

Published on:
04 Dec 2017 03:51 pm