
raja raghuvanshi - शिलांग में कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी से कानूनी लड़ाई लड़ रहे परिवार को बड़ा झटका लगा है। इंदौर पुलिस ने राजा के भाइयों को जेल भेज दिया है। उनके खिलाफ ढाबे में अवैध रूप से शराब परोसने के मामले में ये कार्रवाई की गई है। सचिन रघुवंशी और विपिन रघुवंशी पर ढाबे पर बिना लाइसेंस शराब देने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि कई बार समझाइश के बाद भी वे गैरकानूनी रूप से शराब पिलाते रहे।
कैट रोड स्थित 'राजा भोज' ढाबे पर बिना वैध लाइसेंस ग्राहकों को शराब पिलाते पाए जाने पर पुलिस ने मैनेजर सचिन रघुवंशी सहित संबंधित आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया। वहीं ढाबा संचालक विपिन रघुवंशी के खिलाफ कर्मचारियों की जानकारी थाने में जमा नहीं कराने और धारा 223 बीएनएस के आदेश का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की गई। दोनों भाइयों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया।
टीआइ राजपाल सिंह राठौर के मुताबिक, होटल, ढाबे और लॉज की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने 'राजा भोज' ढाबे की जांच की थी। इस दौरान बिना वैध लाइसेंस ग्राहकों को शराब परोसी जा रही थी। पुलिस के अनुसार, ढाबे पर अवैध रूप से शराब पिलाए जाने की सूचना पहले भी कई बार मिल चुकी थी। इसे लेकर संचालक और मैनेजर को समझाइश भी दी गई थी। बावजूद जांच के दौरान शराब पिलाते पाए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, ढाबे पर कार्यरत कर्मचारियों की जानकारी थाने में जमा नहीं कराई गई थी। इसके अलावा धारा 223 बीएनएस के तहत जारी आदेश के उल्लंघन की बात भी सामने आई। इसके आधार पर ढाबा संचालक विपिन रघुवंशी के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
राजा रघुवंशी की शिलांग में हत्या के बाद उनके भाइयों ने उनकी याद में राजा भोज ढाबा शुरू किया था। यह ढाबा कुछ समय से चर्चा में रहा है। राजा रघुवंशी हत्याकांड को लेकर फिल्म बनाए जाने की बात भी सामने आ चुकी है। इसी मामले में परिवार कानूनी लड़ाई लड़ रहा है।
डीसीपी जोन-1 नरेंद्र सिंह रावत ने बताया, बार-बार नियमों के उल्लंघन की शिकायतों और सामने आए तथ्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई के साथ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। इसके बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।