भोपाल

कुर्ता-पाजामा छोड़ जीतू पटवारी ने पहने टी शर्ट-पैंट, कार छोड़ निकाली साइकिल, एमपी में बड़ी प्लानिंग

Jitu Patwari rides a bicycle - साइकिल चलाते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने पोस्ट किया वीडियो,एमपी में Gen-Z पर फोकस
2 min read
Jul 03, 2026
Jitu Patwari rides a bicycle in MP to focus on Gen-Z
Jitu Patwari - एमपी में Gen-Z पर फोकस करने जीतू पटवारी ने चलाई साइकिल- Image X

Jitu Patwari - कांग्रेस अब Gen-Z पर फोकस कर रही है। स्कूल और कॉलेज स्टूडेंट के मुद्दों पर मुखर है। युवाओं की समस्याओं को कांग्रेस प्रमुखता से उठा रही है। राहुल गांधी जहां नीट पेपर लीक मामले पर केंद्र सरकार पर हमला करते रहे वहीं कोटा में छात्रोें के बीच भी पहुंच गए। राष्ट्रीय नेतृत्व की तर्ज पर प्रदेश संगठन भी इन मुद्दों को तरजीह दे रहा है। Gen-Z से सीधा कनेक्शन बनाने के लिए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने तो अपना लिबास तक बदल लिया। उन्होंने कुर्ता पाजामा छोड़कर टी शर्ट पहनी और कार छोड़ साइकिल लेकर निकल पड़े। जीतू पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी सुरक्षित शिक्षा का अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश के युवाओं को भी इसके लिए आगे आने का आव्हान किया। जीतू पटवारी ने साइकिल चलाते हुए संदेश देने का वीडियो भी बनवाया। गुरुवार को इसे अपने एक्स हेंडल पर पोस्ट किया।

पीसीसी चीफ ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था बदहाल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एमपी की शिक्षा व्यवस्था को बदहाल बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 20 वर्षों में भाजपा सरकार ने शिक्षा को प्राथमिकता देने के बजाय भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी को बढ़ावा दिया है। जीतू पटवारी ने कहा कि आज प्रदेश के सरकारी स्कूलों की स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि स्वयं मध्यप्रदेश हाई कोर्ट को हस्तक्षेप करना पड़ा है और केंद्र व राज्य सरकार से जवाब तलब करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 5000 स्कूलों के भवन जर्जर हैं, 3400 स्कूलों में शौचालय नहीं हैं।

जीतू पटवारी ने मांग की कि राज्य सरकार तत्काल सभी 1 लाख 15 हजार 678 रिक्त शिक्षक पदों पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करे, शिक्षक विहीन 1895 स्कूलों में तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति करे, जर्जर स्कूल भवनों का पुनर्निर्माण कराए, सभी स्कूलों में बिजली, शौचालय, पेयजल, कंप्यूटर एवं बाउंड्रीवाल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराए।

प्रदेश में 40 प्रतिशत शिक्षकों के पद खाली

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि हाईकोर्ट में प्रस्तुत तथ्यों ने भाजपा सरकार के शिक्षा मॉडल की वास्तविकता उजागर कर दी है। प्रदेश में 40 प्रतिशत शिक्षक पद खाली पड़े हैं। सबसे शर्मनाक स्थिति यह है कि 1895 सरकारी स्कूल ऐसे हैं, जहां एक भी शिक्षक पदस्थ नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में सरकारी स्कूलों से 22 लाख 3 हजार विद्यार्थी कम हो गए हैं।

Gen-Z को लुभाने चलाई साइकिल

छात्रों और युवाओं को लुभाने के लिए प्रदेश कांग्रेस हर जतन कर रही है। प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार छोड़कर साइकिल निकाल ली। वे कुर्ता-पाजामा की बजाए टी शर्ट और पैंट पर नजर आए। जीतू पटवारी ने साइकिल चलाते हुए एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें युवाओं से कहा कि मध्यप्रदेश को बचाने के लिए Cycle निकालो।

जीतू पटवारी ने एक्स पर पोस्ट किए वीडियो में कहा-

कांग्रेस कार्यकर्ताओं, मैं प्रदेश के सभी युवाओं से आव्हान कर रहा हूं, प्रदेश के छात्रों से प्रार्थना कर रहा हूं कि मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार का आलम है। अयोध्या से लेकर महाकाल तक भूमि घोटाले, चढावे की चोरी की घर घर में चर्चा है। राहुल गांधी का सुरक्षित शिक्षा का अभियान है। इन मुद्दों पर साइकिल चलाना है। सभी साथियों से अनुरोध है साइकिल निकालो, प्रेक्टिस करो।

Updated on:
03 Jul 2026 01:27 pm
Published on:
03 Jul 2026 12:32 pm