
Bhopal news:मध्यप्रदेश के भोपाल शहर में सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी के बीच करीब 1200 बॉन्डेड डॉक्टरों की दोबारा नियुक्ति की प्रक्रिया अटक गई है। सरकार ने इन्हें अधूरी बॉन्ड सेवा पूरी करने के लिए अंतिम मौका दिया था। इसके लिए आवेदन, सत्यापन और अस्पतालों के चयन की समय-सारणी भी जारी की गई। लेकिन निर्धारित तारीख निकलने के करीब एक महीने बाद भी चॉइस फिलिंग शुरू नहीं हुई है। न नई तारीख घोषित की गई और न ही देरी का कारण बताया गया है। इसका असर डॉक्टरों की दोबारा पदस्थापना पर पड़ रहा है। वहीं, सरकारी अस्पतालों में इनकी सेवाएं मिलने का इंतजार भी बढ़ रहा है।
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने 29 सितंबर को प्रक्रिया का आदेश जारी किया था। इसके अनुसार, 30 सितंबर से 6 अक्टूबर अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन और 7 अक्टूबर तक दस्तावेजों का सत्यापन होना था। 8 अक्टूबर को रिक्त संस्थानों की सूची जारी कर 8 से 12 अक्टूबर तक अस्पतालों के चयन के लिए चॉइस फिलिंग निर्धारित की गई थी। इसके बाद 14 अक्टूबर को आवंटन आदेश जारी होने थे। लेकिन पूरी प्रकिया आगे नहीं बढ़ सकी। निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार प्रक्रिया पूरी नहीं होने से आवेदकों को अब अगले आदेश का इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, विभाग की ओर से फिलहाल नई समय-सारिणी या प्रक्रिया शुरू करने को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
विभाग ने उन एमबीबीएस बॉन्डेड डॉक्टरों को दोबारा सेवा में आने का अवसर दिया था, जिन्होंने नियुक्ति के बाद जॉइन नहीं किया या बीच में सेवाएं छोड़ दी थीं। आदेश में चेतावनी दी गई थी कि सेवा पूरी नहीं करने पर उन्हें अध्ययन के दौरान भरी गई बॉन्ड राशि जमा करनी पड़ सकती है। फिलहाल यह प्रक्रिया एमबीबीएस बॉन्डेड डॉक्टरों के लिए है। पीजी और एमडीएस बॉन्डेड डॉक्टरों के लिए अलग निर्देश जारी किए जाने थे।
डॉक्टरों ने उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला से प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर चॉइस फिलिंग और पदस्थापना की कार्रवाई शीघ्र पूरी कराने का अनुरोध किया है, ताकि डॉक्टर अस्पतालों में सेवाएं दे सकें। इस बारे में स्वास्थ्य आयुक्त धनराजु एस ने कहा, दफ्तर आकर बताऊंगा कि चॉइस फिलिंग क्यों नहीं हुई।