
Kailash Vijayvargiya : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को भोपाल में आयोजित कैबिनेट बैठक में वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय शामिल नहीं हुए। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की। कैलाश विजयवर्गीय के कैबिनेट की अहम मीटिंग में शामिल नहीं होने से प्रदेश की राजनीति में अटकलें तेज हो गईं। इंदौर की एक महिला पार्षद संध्या यादव पर दिए गए उनके विवादित बयान पर हलचल बढ़ गई है। कांग्रेस ने उनसे त्यागपत्र मांगा। इधर कैलाश विजयवर्गीय ने महिला पार्षद को अपनी बेटी जैसा बताया। पार्षद संध्या यादव ने भी उन्हें पिता तुल्य बताया है।
नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय उस वक्त फिर सुर्खियों में आ गए जब उनका एक विवादित बयान का वीडियो वायरल हो गया। इसमें वे इंदौर की एक महिला पार्षद संध्या यादव की 'चौड़ाई' बताते नजर आ रहे हैं। पार्षद पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विवादित बयान पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कई लोगों ने इसे बॉडी शेमिंग बताया।
कांग्रेस ने महिला पार्षद संध्या यादव पर दिए गए बयान पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को घेरा। उनके त्यागपत्र की भी मांग की। हालांकि मामले में तब नया मोड़ आ गया जब मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पार्षद संध्या यादव को अपनी बेटी जैसा बताया। उन्होंने मामले में खेद भी व्यक्त किया।
इधर महिला पार्षद संध्या यादव ने भी कैलाश विजयवर्गीय का बचाव किया। उन्हें अपना पितातुल्य कहा है। पार्षद संध्या यादव ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उसके नेताओं के महिलाओं के प्रति विचार हर कोई जानता है। संध्या यादव ने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय ने मुझे गोद में खिलाया है। कांग्रेसी दुष्प्रचार कर रहे हैं।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा खेद व्यक्त करने और महिला पार्षद संध्या यादव द्वारा उन्हें पितातुल्य बताने के बाद मामला ठंडा पड़ गया था। इसी गहमागहमी के बीच मंगलवार को भोपाल में कैबिनेट मीटिंग आयोजित हुई जिसमें कैलाश विजयवर्गीय नहीं पहुंचे। इससे अटकलों का बाजार दोबारा गरमा गया।
कैबिनेट मीटिंग में कैलाश विजयवर्गीय वर्चुअली शामिल हुए। उन्होंने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी। कैलाश विजयवर्गीय ने अपने एक्स पर लिखा:
मा. मुख्यमंत्री डॉ. @DrMohanYadav51 जी की अध्यक्षता में भोपाल में आयोजित कैबिनेट बैठक में आज वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।
इस अवसर पर प्रदेश के विकास को गति देने एवं जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा कर प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।