भोपाल

हल्द्वानी शुद्धिकरण और राहुल गांधी पर FIR पर गरमाई सियासत, पूर्व सीएम कमलनाथ ने दी तीखी प्रतिक्रिया

Kamal Nath Statement : हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित शुद्धिकरण करने और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर एफआईआर किए जाने के मामले पर एमपी के पूर्व सीएम कमलनाथ ने भाजपा सरकार पर तंज कसा है।
2 min read
Kamal Nath Statement
मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से जुड़े मामले में कमलनाथ ने दी प्रतिक्रिया (फोटो सोर्स: Patrika)

MP News : उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित शुद्धिकरण किए जाने और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज की एफआईआर को लेकर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कमलनाथ ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए भाजपा पर 'चोरी और सीनाजोरी' का आरोप लगाया है। साथ ही, दलित उत्पीड़न की भी बात कही है।

पूर्व सीएम कमलनाथ ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर तंज कसते हुए लिखा कि, भाजपा की ये कार्रवाई न सिर्फ दलित समाज का अपमान है, बल्कि उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाने वालों को दबाने की कोशिश भी है। उन्होंने ये भी कहा कि, शुद्धिकरण से दलित समाज का अपमान: हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद उस स्थान का 'शुद्धिकरण' करना सीधे तौर पर दलित समुदाय का अपमान है। कमलनाथ ने आगे ये भी लिखा कि, राहुल गांधी पर FIR अन्यायपूर्ण: जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस भेदभावपूर्ण कृत्य का विरोध किया तो दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उल्टा राहुल गांधी के खिलाफ ही गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर दी गई।

कमलनाथ ने उठाए भाजपा की मानसिकता पर सवाल

कमलनाथ ने कहा कि, ये घटना दर्शाती है कि, भाजपा न सिर्फ दलित समाज को नीचा दिखाने का काम करती है बल्कि उनके हक की लड़ाई लड़ने वाले नेताओं का उत्पीड़न भी करती है।

कांग्रेस पार्टी मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ- कमलनाथ

कमलनाथ ने स्पष्ट करते हुए लिखा कि, कांग्रेस पार्टी अपने अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि, देश का दलित समाज भाजपा के इस अन्याय और अपमान को चुपचाप सहन नहीं करेगा और समय आने पर इसका करारा जवाब देगा।

Updated on:
31 Aug 2026 03:09 pm
Published on:
31 Aug 2026 03:09 pm