kamal nath visit bengaluru- कमलनाथ ने राहुल गांधी के कार्यक्रम से जुड़ी अहम बैठक छोड़कर बेंगलुरू जाने का किया फैसला...।
मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ के भाजपा में जाने की अटकलों को विराम जरूर मिल गया है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि कभी भी कोई 'बड़ा खेल' भी हो सकता है। इधर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के सिलसिले में भोपाल में अहम बैठक हो रही है, लेकिन कमलनाथ इस बैठक में नहीं आ रहे हैं। दिल्ली सूत्रों के मुताबिक कमलनाथ अचानक बेंगलुरू जा रहे हैं। वे अपने आध्यात्मिक गुरु से मुलाकात करेंगे।
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ अपने बेटे नकुलनाथ के साथ बेंगलुरू जा रहे हैं। जहां वे अपने आध्यामिक गुरु से मुलाकात करेंगे। वे 25 फरवरी को वापस आएंगे। कमलनाथ के कर्नाटक दौरे पर होने के कारण वे राहुल गांधी की न्याय यात्रा की तैयारियों से जुड़ी बैठकों में शामिल नहीं होंगे।
कमलनाथ ने सोमवार को दिल्ली में अपने सहयोगियों के साथ करीब डेढ़ घंटे तक मीटिंग की, इसके बाद अपने करीबी नेता सज्जन सिंह वर्मा के जरिए यह संदेश मीडिया को भिजवा दिया कि फिलहाल पार्टी छोड़कर कहीं नहीं जा रहे हैं। उनके बेटे नकुलनाथ ही छिंदवाड़ा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। लेकिन, राजनीतिक गलियारों में कमलनाथ के भाजपा में जाने की अटकलों पर अल्प विराम जरूर लगा है, लेकिन संभावना व्यक्त की जा रही है कि अंदर ही अंदर 'कुछ' जरूर चल रहा है। इधर, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार शाम को पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान से भी कुछ मुद्दों पर बात की है, वहीं बुधवार को मोहन यादव छिंदवाड़ा में बड़ा रोड शो करने वाले हैं। इसे लेकर भी कयासों का दौर लगने लगा है।
राजनीतिक दबाव का इनपुट
सीएम के 21 फरवरी को छिंदवाड़ा आगमन के मकसद पर अटकलें हैं। जानकार मान रहे हैं कि दिल्ली से कोई राजनीतिक बदलाव का संकेत मिला है। छिंदवाड़ा भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू ने सिर्फ ये कहा कि सीएम छिंदवाड़ा आ रहे हैं। उनका सभा और रोड शो का कार्यक्रम है। इसके अलावा और क्या करेंगे, अभी तय नहीं है।