
Explainer : कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे में बदलावों का क्रम लगातार जारी है। पार्टी की नजर अभी 5 राज्यों में होनेवाले विधानसभा चुनावों पर है। इनमें भी उत्तरप्रदेश और पंजाब पर कांग्रेस का फोकस है। राजनैतिक दृष्टि से देश में जहां यूपी की सबसे ज्यादा अहमियत है वहीं पंजाब में कांग्रेस वापस सत्ता पाने के लिए बेताब नजर आती है। पार्टी के लिए बेहद अहम इन दोनों राज्यों में जीत के लिए मध्यप्रदेश के दो नेताओं को बड़ा दायित्व सौंपा गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) ने जहां मप्र के पूर्व विधायक कुणाल चौधरी को उत्तर प्रदेश का सहप्रभारी बनाया है वहीं पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष हिना कांवरे को इसी पद पर पंजाब की जिम्मेदारी दी गई है। इन दोनों नेताओं पर अब कांग्रेस संगठन के साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर अन्य दलों की भी नजरें रहेंगी। यूपी, पंजाब जैसे राज्यों में कमाल दिखाने पर दोनों की पदोन्नति तय है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) ने गुरुवार को बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। मध्यप्रदेश के तीन नेताओं को दूसरे राज्यों में संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मप्र के पूर्व विधायक कुणाल चौधरी को उत्तर प्रदेश, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष हिना कांवरे को पंजाब और भूपेंद्र मरावी को झारखंड का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
इसके साथ ही मध्यप्रदेश कांग्रेस में भी दायित्वों में बदलाव किया गया है। प्रदेश के सह-प्रभारियों या एआइसीसी सचिवों को बदला गया है। एआइसीसी ने अब नीतू वर्मा सोइन, पाल भाई अंबालिया, डॉ अजय कुमार पासवान, ओमवीर यादव को मप्र का सचिव नियुक्त किया गया है।
कांग्रेस के इस फैसले को संगठनात्मक स्तर पर नई जिम्मेदारियों के बंटवारे और राज्यों में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने 81 एआइसीसी सचिवों की नियुक्ति और पुनर्नियुक्तियों की यह सूची जारी की है। खास बात यह है कि कांग्रेस ने यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।
मप्र के तीन नेताओं कुणाल चौधरी, हिना कांवरे और भूपेंद्र मरावी को दूसरे राज्यों में जिम्मेदारी मिलने से इन नेताओं की भूमिका अब राष्ट्रीय संगठन में बढ़ेगी। खासतौर पर उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को देखते हुए कुणाल चौधरी की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण मानी जा रही है। पंजाब में पिछली बार कांग्रेस की सरकार थी लेकिन विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी ने बाजी मार ली थी। राज्य में सत्ता में वापसी के लिए बेकरार पार्टी नेताओं ने हिना कांवरे को अहम दायित्व दिया है। उनपर पर भरोसे पर खरा उतरने का दबाव रहेगा।
इधरमध्य प्रदेश में पार्टी के सह-प्रभारी की नई नियुक्तियां होने से प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक कामकाज में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। बैठकों में और फैसले लेने में एक नई दिशा भी मिल सकती है।