
Bhopal News :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मिसरोद थाना इलाके के बंगरसिया रोड के पास स्थित छांन गांव में एक साल की बच्ची को ट्रैक्टर ने कुचल दिया था। हादसे के तीन दिन बीते और आरोपी की पहचान होने बावजूद आरोपी चालक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। परिजन नाराजगी जताते हुए उच्च अधिकारियों से गुहार लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक ऑफिस पहुंचे थे, जहां बच्ची के पिता ने आरोप लगाया कि, चालक की पहचान होने के बावजूद पुलिस उस पर कार्रवाई नहीं कर रही है।
मजदूर पिता अजय गोंड ने बताया कि, घटना वाले दिन ही बेटी 12 महीने पूरा कर ली थी। यानी उसी दिन उसका जन्म दिन भी था। बिटिा के जन्मदिन पर पूरा परिवार काफी खुश था। पिता के अनुसार, उस दिन उसने काम की छुट्टी की थी और ये तय किया कि, आज बेटी कीर्ति एक वर्ष की हुई तो उसका आधार कार्ड बनवाने ले गया था। दोपहर में घर लौटने के बाद पत्नी के साथ खाना खा रहा था। इसी दौरान कीर्ति घर के बाहर खेलने चली गई। इसी दौरान अचानक से चालक कमल राजपूत मलबा लेकर आया। उसने ट्रैक्टर को लापरवाही पूर्वक रिवर्स किया और पीछे देखे बिना ही बच्ची के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया था।
बच्ची के पिता ने बताया कि, हादसे के बाद गंभीर हालत में कीर्ति को तुरंत एम्स भोपाल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया था। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर समेत मौके से फरार हो गया।
पिता अजय गोंड का आरोप है कि, अंतिम संस्कार के बाद आरोपी ने उन्हें धमकी दी। उसने कहा कि, उसके चाचा भाजपा पार्षद हैं और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। अगर भविष्य में खुद को नुकसान से बचाने चाहते हो तो इस घटना को सिर्फ एक हादसा मानकर शांत रहना। फिर भी बेटी को खोने की तड़प ने खुद की या परिवार की चिंता किए बिना पुलिस में शिकायत की। लेकिन, परिजन का आरोप है कि, पुलिस इसपर कोई कार्रवाई नहीं कर रही। जबकि, धमकी मिलने के बावजूद पुलिस ने अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।
मिसरोद थाना प्रभारी मिथलेश राय ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपी की तलाश की जा रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जिस ट्रैक्टर से हादसा हुआ है उसे जब्त कर लिया गया है।