
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार फिर तेंदुए ने दहशत मचा रखी है। भोपाल के शाहपुरा इलाके के जिस मकान में शुक्रवार सुबह नजर आया था, ठीक उसी जगह पर शनिवार को सुबह भी नजर आने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
भोपाल के शाहपुरा क्षेत्र में त्रिलंगा स्थित आकाशगंगा कालोनी के पास शुक्रवार सुबह एक तेंदुआ देखे जाने की सूचना वन विभाग को मिली थी। वन विभाग ने इस दौरान कोई विशेष सर्चिंग अभियान नहीं चलाया। यही तेंदुआ दूसरे दिन शनिवार सुबह को भी उसी मकान तक पहुंच गया।
शुक्रवार को सीसीटीवी मैं कैद हुआ था तेंदुआ
शाहपुरा इलाके में आकाशगंगा कालोनी में सत्येंद्र गुप्ता रहते हैं। उनके सीसीटीवी कैमरे में सुबह-सुबह एक तेंदुआ नजर आने के बाद उन्होंने समरधा रेंज के रेंजर एके झंवर को सूचना दी।
लेकिन, शनिवार तक वन विभाग के अमले ने कोई विशेष अभियान नहीं चलाया, आलम यह रहा कि तेंदुआ शनिवार को सुबह भी आकाश गंगा कालोनी के उसी मकान के पास नजर आया।
रेंजर एके झंवर का कहना है कि सत्येंद्र गुप्ता ने सूचना दी थी और सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया है। शाहपुरा क्षेत्र में भी जंगल और पहाड़ी है, संभवत वो कुत्तों का शिकार करने के लिए केरवा के जंगलों से वहां तक आ गया होगा।
फारेस्ट रेंजर के मुताबिक जल्द ही आसपास के जंगल में तेंदुए की सर्चिंग की जाएगी। क्योंकि आकाशगंगा कालोनी से लगी पहाड़ियों में वो कहीं हो सकता है।
टाइगर के बाद अब तेंदुए का मूवमेंट
भोपाल शहर से लगे केरवा और कलियासोत के जंगलों में तीन टाइगर का मूवमेंट है। इसके साथ ही अब तेंदुआ भी देखे जाने से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। माना जा रहा है कि रातापानी के जंगलों से लगे कोलार रोड और केरवा के जंगलों से होते हुए यह तेंदुआ शिकार की तलाश में शहर तक आ गया होगा।
पहले भी शहर में घुसा था तेंदुआ
इससे पहले भी यह तेंदुआ भोपाल के नेहरू नगर से लगे आईआईएफएम पहाड़ी पर आ गया था। इस तेंदुए ने पास ही एक बस्ती में उत्पात भी मचाया था। वहीं कुछ समय पहले भी नवी बाग में भी एक सरकारी दफ्तर में टाइगर घुस गया था, यह टाइगर रायसेन की तरफ से वहां तक पहुंच गया था। दो दिन के रेस्क्यू अभियान के बाद उसे पकड़ा था।
पहले भी कई बार भोपाल में दिखा तेंदुआ