
देश में किसानों की सुविधा के लिए उनकी डिजिटल पहचान तैयार कराई जा रही है। इसे फार्मर आईडी यानि किसान पहचान पत्र का नाम दिया गया है। इसके अंतर्गत जमीन, बैंक खातों सहित अन्य जरूरी जानकारियां एक ही जगह प्राप्त होंगी। फार्मर आईडी से किसानों को खासी सहूलियत होगी। उन्हें सभी सरकारी योजनाओं का आसानी से लाभ मिल सकेगा, सब्सिडी सीधे खातों में आएगी, कृषि ऋण (KCC) और फसल बीमा क्लेम में भी आसानी होगी। कई प्रकार के दस्तावेजों से भी मुक्ति मिल जाएगी। फार्मर आईडी के संबंध में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि 11 करोड़ किसानों की फार्मर आईडी तैयार हो चुकी है। अब इन्हें सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सकेगा। बता दें कि मध्यप्रदेश के भी 1 करोड़ से ज्यादा किसानों की फार्मर आईडी बन चुकी है।
फार्मर आईडी, बिचौलियों की भूमिका खत्म कर देगी। इससे पारदर्शिता बनी रहेगी, सरकारी रिकॉर्ड सही रहेंगे। हर नई योजना के लिए अलग से दस्तावेज नहीं बनाने पड़ेंगे। बार बार केवाईसी (KYC) कराने की झंझट भी खत्म हो जाएगी।
पीएम-किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और अन्य कृषि योजनाओं का लाभ सीधे और आसानी से प्राप्त होगा।
खाद बीज कीटनाशक से लेकर ट्रैक्टर या अन्य कृषि यंत्रों पर मिलने वाली सब्सिडी DBT के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खाते में पहुंचेगी।
किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की प्रक्रिया बहुत आसान हो जाएगी। दस्तावेज बार-बार जमा नहीं करने पड़ेंगे।
ओलावृष्टि, सूखा या बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा में फसल खराब होने पर बीमा क्लेम बहुत आसान हो जाएगा।
प्रिय किसान बहनों और भाइयों,
आज का दिन भारतीय कृषि और किसानों के लिए ऐतिहासिक है। एक सपना साकार हुआ है, एक संकल्प पूरा हुआ है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी ने मार्च 2027 तक 11 करोड़ फार्मर आईडी बनाने का लक्ष्य तय किया था। मुझे यह बताते हुए खुशी है कि तय समय से 5 महीने पहले ही 11 करोड़ फार्मर आईडी बनाने का काम पूरा हो गया है। 23 अक्टूबर की रात तक 11 करोड़ फार्मर आईडी बन गई हैं।
अब इन फार्मर आईडी के माध्यम से योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिलेगा। बैंक से ऋण लेना हो, फसल बीमा योजना का लाभ लेना हो, आपदा राहत की राशि प्राप्त करनी हो या अपनी फसल बेचनी हो, ऐसे कई कामों के लिए फार्मर आईडी पर्याप्त होगी। इससे सही किसान को ही लाभ मिलेगा और आधुनिक टेक्नोलॉजी का उपयोग किसानों की खेती को आसान और बेहतर बनाएगा।
मैं 11 करोड़ फार्मर आईडी बनाने की इस उपलब्धि के लिए केंद्र सरकार के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ राज्य सरकारों, केंद्र शासित प्रदेशों और जिला प्रशासन को बहुत-बहुत बधाई और धन्यवाद देता हूँ।
किसान बहनों और भाइयों को भी इस उपलब्धि के लिए बहुत-बहुत बधाई!