
MP BJP : देश-दुनिया में आज धनतेरस धूमधाम से मनाई जा रही है। इसी के साथ 5 दिनी दीपोत्सव की भी शुुरुआत हो गई है। धनतेरस और दीपावली को लेकर राजधानी के बाजार रंगीन रोशनियों से नहा रहे हैं। सभी प्रमुख सेक्टरों में खरीदारी का माहौल बना हुआ है। सराफा, बर्तन, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, रियल्टी और मिठाई बाजारों में रौनक जबर्दस्त रौनक है। भोपाल के कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस से लेकर दिवाली तक करीब 1000 करोड़ रुपए का कारोबार होगा। पिछले साल की तुलना में इस बार कारोबार में करीब 20 फीसदी की वृद्धि का अनुमान लगाया जा रहा है। इस मौके पर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी दुकानदारों, व्यापारियों के लिए बड़ी पहल की है। उन्होंने सोशल मीडिया में स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने और स्थानीय दुकानदारों की जानकारी देने का आग्रह किया है। पार्टी कार्यकर्ता इस पर अमल करें तो स्थानीय दुकानदारों का कारोबार और बढ़ सकता है। इससे पहले मध्यप्रदेश कैबिनेट की बैठक में भी स्वदेशी को बढ़ावा देने की बात कही गई थी।
बुकिंग का सामान आज पहुंचेगा घर
धनतेरस पर शुभ खरीदारी की परंपरा के चलते ग्राहकों ने पहले से ही कई सामान की बुकिंग करा रखी है। खासकर वाहन, सोना- चांदी, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स सहित अन्य महंगे सामान के लिए एडवांस बुकिंग की जा चुकी है, जो धनतेरस पर ग्राहकों के घर पहुंचेंगे।
सराफा बाजार:
धनतेरस पर सबसे ज्यादा कारोबार सराफा बाजार में होने की उम्मीद है। धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने की परंपरा के चलते ग्राहकों की भीड़ ज्वेलरी शोरूम और सराफा बाजार में बढ़ रही है। हल्के वजन के आभूषणों से लेकर पारंपरिक ज्वेलरी और निवेश के लिए सोने-चांदी के सिक्कों तक की मांग रहने की उम्मीद है।
रियल एस्टेट: त्योहारी सीजन में प्रॉपर्टी बाजार भी काफी पूछपरख हो रही है। धनतेरस को शुभ मानते हुए कई ग्राहक मकान, प्लॉट और कमर्शियल संपत्ति की खरीदी करेंगे।
ऑटोमोबाइल कारोबार: वाहन बाजार में भी धनतेरस को लेकर उत्साह है। कार और दोपहिया वाहनों की एडवांस बुङ्क्षकग की गई है। ऑटोमोबाइल सेक्टर में 250 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए डिस्काउंट और अन्य ऑफर दिए जा रहे हैं।
ऑटोमोबाइल कारोबारी विशाल जौहरी बताते हैं कि धनतेरस के शुभ मुहूर्त में वाहन की डिलीवरी लेने को लेकर ग्राहकों में खासा उत्साह है। टीवी, फ्रीज, वॉशिंग मशीन, एसी, माइक्रोवेव ओवन और अन्य घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की बिक्री के लिए धनतेरस महत्वपूर्ण अवसर है।
स्वदेशी वस्तुएं अपनाने और स्थानीय कारोबारियों के हित में कैबिनेट मीटिंग में चर्चा की गई थी। अब बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी इसके लिए प्रदेश के नागरिकों और कार्यकर्ताओं से आगे आने की बात कही है। बीजेपी ने इस संबंध में उनका वीडियो जारी किया है। प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा:
सभी प्रदेशवासियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएँ।
मेरा आप सभी से आग्रह है कि त्योहार की खरीदारी में स्वदेशी उत्पाद अपनाएँ। स्थानीय दुकानदारों की जानकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा करें, ताकि अन्य लोगों को भी पता चले कि स्वदेशी उत्पाद कहाँ उपलब्ध हैं…
आइए, हम सब अपने छोटे-छोटे प्रयासों से प्रधानमंत्री श्री
@narendramodi जी के #VocalForLocal के आह्वान को बल दें।
बता दें कि 3 नवंबर को मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में भी स्वदेशी की बात उठी थी। इस बैठक में स्वदेशी का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया। बैठक में सीएम मोहन यादव ने मेक इन इंडिया पर भी जोर दिया।