
Rahul Gandhi : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) 19 सितंबर को मध्यप्रदेश आ रहे हैं। वे इंदौर में 'छात्रों के गूंज' कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके वेन्यू को लेकर लगातार विवाद चल रहा है। एमपी कांग्रेस जहां रीजनल पार्क के सामने भारत जोड़ो मैदान में इस कार्यक्रम की तैयारियों में लगी है वहीं बीजेपी ने इस पर आपत्ति जताई है। प्रशासन से कांग्रेस के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को तत्काल रोकने की मांग भी की है। इस बीच Gen Z को लुभाने के लिए एमपी कांग्रेस बड़ी कवायद कर रही है। पार्टी अपने नेता राहुल गांधी को हर मोबाइल में देखना चाहती है। इसके लिए प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने छात्रों की गूंज कार्यक्रम की एक तस्वीर जारी इसे डीपी बनाने की सभी युवाओं से अपील की है।
कांग्रेस के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल को विवादित बताते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपा। उनका कहना है कि जिस जमीन को कार्यक्रम स्थल बताया जा रहा है, उसके स्वामित्व और आधिपत्य पर न्यायालयीन विवाद है। आयोजकों ने सक्षम प्राधिकारी से अनुमति ली है या नहीं, प्रशासन को इसकी गहराई से जांच करना चाहिए।
बीजेपी की आपत्ति का भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विराज यादव ने विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल राहुल गांधी के कार्यक्रम से डरा हुआ है। जिस जमीन को विवादित बताया जा रहा है वहां कई कार्यक्रम हो चुके हैं। भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला भी नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम का आयोजन करा चुके हैं।
विवादों के बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि इंदौर और छात्रों की गूंज, इन दो शब्दों ने ही बीजेपी की बेचैनी बढ़ा दी है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर केवल इंदौर ही नहीं, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के युवा उत्साहित हैं।
राहुल गांधी और कांग्रेस Gen Z में अपने पैठ बनाने की हर कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए छात्रों की गूंज कार्यक्रम का सिलसिला चल रहा है। एमपी कांग्रेस ने इंदौर के कार्यक्रम के बहाने हर युवा के मोबाइल में राहुल गांधी को दिखाने की योजना तैयार की है। इसके अंतर्गत कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने छात्रों की गूंज कार्यक्रम और राहुल गांधी की सोशल मीडिया में तस्वीर साझा की। उन्होंने इसे अपनी DP बनाने का युवाओं से विशेष रूप से आग्रह किया है।
कांग्रेस परिवार के सभी साथियों और मप्र के युवाओं से विशेष आग्रह है कि इसे अपनी DP बनाएं! अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं!