भोपाल

पत्रिका पड़ताल: भोपाल में पटाखा बाजार में बड़ा खेल, मंजूरी से 25 गुना तक फैली दुकानें, रहना होगा सावधान

Firecracker market: मध्यप्रदेश में पटाखा कारोबारियों ने मंजूरी से कई गुना ज्यादा बड़े स्टोर और दुकानें बना ली हैं, जो लैंड यूज नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। प्रशासन ने एनओसी रद्द कर दी है।
2 min read
• •
Oct 08, 2026
पटाखा बाजार, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source: AI Image)
पटाखा बाजार, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source: AI Image)

Bhopal news: मध्यप्रदेश के भोपाल शहर में तमाम नियम, कानून, कायदों को ताक पर रखकर पटाखा कारोबारियों ने शहर के बीच में ही बारूद का ढेर लगा दिया है। सबसे चिंताजनक तो ये कि पटाखा कारोबारियों ने मंजूरी से 25 गुना ज्यादा दुकानों को फैला लिया है। यानी 25 गुना ज्यादा बारूद पटाखों के तौर पर लेकर ये बैठे हुए हैं। खास बात ये कि पटाखा बाजार की दुकानों में लैडयूज का भी खुला उल्लंघन रहा है। खसरा नंबर 15 की ये जमीन रिकॉर्ड में पीएसपी लैंडयूज में तय है, लेकिन यहां पटाखा बाजार जैसा खतरनाक कारोबार स्थापित कर दिया गया। जिला प्रशासन की रिपोर्ट इसकी तस्दीक कर रही है।

गौरतलब है कि 12 जून 2026 को पटाखा बाजार की सोनी पटाखा शॉप में लगी आग के बाद प्रशासन की टीम ने रिपोर्ट तैयार की थी। चौकाने वाली बात यह है कि जिस शॉप में आग लगी थी वह 35 वर्गमीटर की मंजूर अनुमति की तुलना में 165.48 वर्गमीटर पर विस्तारित है। गौरतलब है कि 1997 में पुराने कबाड़ खाने से हलालपुर में आतिशबाजी मार्केट शिफ्ट किया गया था, तब यहां कोई बस्ती नहीं थी। अभी दो पेट्रोल पंप, शादी हॉल और पास में एक बड़ी बस्ती है। लोक न्यूसेंस का प्रकरण एसडीएम संतनगर के न्यायालय में चल रहा है।

प्रशासन ने पटाखा कारोबारियों की एनओसी रद्द कर दी है। लाइसेंस रद्द नहीं हुआ, हाइकोर्ट का स्थगन भी है। हम सुनवाई कर रहे हैं। कोर्ट के निर्देश पर कार्रवाई होगी।- सुमित पांडेय, एडीएम

ऐसे समझें स्थिति

-सोनी पटाखा सेंटर हलालपुर, प्रोपराइटर संजय सोनी-35 वर्गमीटर की दुकान मंजूर, मौके पर 165.48 वर्गमीटर की दुकान। टीएंडसीपी की अनुमति के अनुसार दुकान की सड़क से दूरी नहीं है।

-राज फायर वर्क्स हलालपुर, प्रोपराइटर इमरान खान- 35 वर्गमीटर की दुकान मंजूर, मौके पर 36 वर्गमीटर की स्थिति। सामाजिक धर्मशाला पास में है, निजी हॉस्पिटल लगा हुआ है।

-एमपी फायर वर्क्स मुख्य पटाखा बाजार हलालपुर, प्रोपराइटर मोहम्मद नफीज- 35 वर्गमीटर की दुकान मंजूर, 154 वर्गमीटर मौके पर है। पास में मॉल है, बस्ती भी है। आवाजाही का एक ही रास्ता है। बिजली सुरक्षा सर्टिफिकेट भी नहीं है।

-नेशनल पटाखा मार्केट हलालपुर, प्रोपराइटर मोहम्मद अकरम - 35 वर्गमीटर की दुकान मंजूर, 825 वर्गमीटर मौके पर।

-इंडियन फायर वर्क्स हलालपुर, प्रोपराइटर मोहम्मद शफीक - 35 वर्गमीटर की मंजूरी, मौके पर 55 वर्गमीटर की दुकान। पास में बस स्टैंड है, रिहायशी क्षेत्र है।

-अंबिका फायर वर्क्स इंदौर रोड, प्रोपराइटर मूलचंद रामचंदानी-35 वर्गमीटर की दुकान की मंजूरी। 825 वर्गमीटर है।

-दीपक पटाखा सेंटर इंदौर भोपाल रोड, प्रोपराइटर मनोज जसवानी- 35 वर्गमीटर की दुकान की मंजूरी, मौके पर 132 वर्गमीटर है।

Updated on:
08 Oct 2026 10:12 am
Published on:
08 Oct 2026 10:12 am