
भोपाल।आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर ऐलान किया है कि अब उनकी पार्टी की नजर मध्यप्रदेश पर है। आम आदमी पार्टी 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश की सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली है। इसी सिलसिले में आम आदमी पार्टी के चीफ एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल 14 मार्च को चुनावी शंखनाद करने वाले हैं। केजरीवाल के साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी साथ आ रहे हैं।
मध्यप्रदेश में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ओर पदाधिकारियों के साथ लगातार दौरे कर रहे राज्यसभा सांसद डा. संदीप पाठक ने भोपाल के गांधी भवन में शनिवार को मीडिया से बात की। उन्होंने दोहराया कि आम आदमी पार्टी (आप) मध्यप्रदेश विधानसभा की 230 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने वाली है। भोपाल में आम आदमी पार्टी 14 मार्च को जनसभा करेगी, जिसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान भोपाल आ रहे हैं। इस दौरान बड़ी रैली निकाली जाएगी और आम जनसभा आयोजित की जाएगी।
डा. संदीप पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों से जनता त्रस्त हो गई है। अरविंद केजरीवाल सकारात्मक राजनीति करती है। इसलिए हमें भरोसा है कि मध्यप्रदेश में जनता अरविंद केजरीवाल को एक मौका जरूर देगी। आम आदमी पार्टी की तरफ से अगले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर डा. संदीप पाठक ने कहा कि चुनाव से पहले नाम घोषित किया जाएगा। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में हाल ही में हुए नगरीय निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी ने सिंगरौली में एंट्री कर ली है। सिंगरौली में आम आदमी पार्टी का ही मेयर चुना गया है। इसके अलावा कई पार्षद भी बने हैं।
यह भी पढ़ेंः