MP Budget 2026-27: मोहन सरकार अपना तीसरा और सबसे बड़ा बजट पेश करने के लिए तैयार है। 4.63 लाख करोड़ का रिकॉर्ड-तोड़ ई-बजट तैयार किया गया है, जो पिछली बार से 10% ज्यादा है। इन चार क्षेत्रों पर रहेगा फोकस ….
Budget 2026-27 News: मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 16 फरवरी से शुरू होगा। यह मोहन सरकार का तीसरा बजट होगा। सूत्रों के अनुसार, मप्र सरकार इस बार का बजट साइज बढ़ाकर 4.63 लाख करोड़ तक कर सकती है। यह पिछले साल के 4.21 करोड़ से लगभग 10% अधिक है। हालांकि देश के आम बजट के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। 2026 को सरकार ने कृषि कल्याण वर्ष घोषित किया है।
एमपी के बजट (MP Budget 2026-27) में भी सबसे ज्यादा फोकस कृषि और उससे संबद्ध क्षेत्र जैसे खाद्य प्रसंस्करण, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, सहकारिता, मत्स्य विकास आदि पर रहेगा। इन क्षेत्रों के लिए बजट प्रावधान में पिछले बजट में 50% तक की बढ़ोतरी हुई थी लेकिन इस बार सौ फीसदी तक होने की संभावना है। (MP News)
इसके साथ सरकार बजट (MP Budget 2026-27) में प्रदेश के कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना, जैविक खेती को बढ़ावा देने की नई योजनाएं घोषित कर सकती है। सरकार का उद्योग एवं रोजगार, अधोसंरचना विकास और मेट्रोपोलिटन रीजन पर भी फोकस रहेगा। प्रदेश में पहली बार पूरी तरह ई-बजट पेश होगा। विधानसभा में भी वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा टैबलेट से ही बजट भाषण पढ़ेंगे। इसके साथ आगामी तीन साल का रोडमैप बताने वाला रोलिंग बजट भी बनाया जा रहा है। हालांकि इसे पटल पर नहीं रखा जाएगा।
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के निर्देशानुसार वित्त विभाग इसकी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। बजट के लिए सरकार ने राजधानी में अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञों से भी सुझाव लिए हैं। इसके साथ ऑनलाइन और अन्य माध्यमों से भी लगभग 900 सुझाव विभाग को मिले हैं। इन पर भी विचार हो रहा है। वहीं पहली बार इस बजट में वित्त विभाग आगामी तीन साल के लिए रोलिंग बजट बनाने की तैयारी में है। इसके लिए सभी विभागों के साथ बैठकें पूरी कर ली गई हैं। रोलिंग बजट में योजनाओं के लिए राशि की कमी नहीं होती और न राशि लेप्स होने की स्थिति बनती है। बजट में अपव्यय पर भी रोक लगती है।