
Four New Airports to be Built in MP Under the Regional Connectivity Scheme (Photo Source- freepik)
Airports- मध्यप्रदेश में हवाई सेवाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। मध्यप्रदेश विमानन नीति-2025 से यह संभव हो सका है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा से रायपुर हवाई सेवा का वर्चुअली शुभारंभ करते हुए यह बात कही। कार्यक्रम में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री नायडू भी वर्चुअली शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विमानन नीति लागू कर हवाई सेवाओं के विस्तार का कार्य व्यवस्थित रूप से किया जा रहा है। नीति के अंतर्गत ही रीवा से रायपुर की विमान सेवा प्रारंभ हो रही है। यही नहीं जबलपुर से कोलकाता और इंदौर से आबूधाबी की उड़ानों की स्वीकृति भी इस नीति के अंतर्गत संभव हुई है। सीएम मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश में 4 नए एयरपोर्ट बनाए जा रहे हैं। इन्हें एयरस्ट्रीप रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के अंतर्गत विकसित किया जा रहा है।
अलायन्स एयर की सप्ताह में तीन दिन की रीवा से रायपुर उड़ान का शुभारंभ समारोह मंगलवार को हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय भोपाल से कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रीवा एयरपोर्ट के विस्तार का कार्य होगा जो संपूर्ण विंध्य अंचल के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के विंध्य क्षेत्र का पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ से हवाई मार्ग से जुड़ना समृद्धि और संस्कृति के विकास के लिए भी महत्वपूर्ण होगा।
रीवा से रायपुर की उड़ान प्रारंभ होने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विंध्यवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य के विमानन क्षेत्र में ये एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। गत 2 वर्ष में चार महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। जहां वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रीवा में एयरपोर्ट का शुभारंभ किया, वहीं रीवा से दिल्ली विमान सेवा शुरू हुई। इसके बाद गत वर्ष रीवा से इंदौर की विमान सेवा शुरू हुई। आज रीवा से रायपुर की विमान सेवा प्रारंभ हो रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश में आज 8 एयरपोर्ट हैं। शीघ्र ही उज्जैन और शिवपुरी का एयरपोर्ट प्रारंभ होने पर संख्या 10 हो जाएगी। प्रदेश में कुल 20 हवाई पट्टियां और 220 हेलीपैड हैं। उन्होंने बताया कि शहडोल, नीमच, छिंदवाड़ा और मंडला में भी एयरपोर्ट बनेंगे। एयरस्ट्रीप रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के अंतर्गत इन्हें विकसित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी का कहना है कि हवाई चप्पल पहनने वाले व्यक्ति भी हवाई यात्रा कर सकते हैं। उनके इस मंत्र को साकार करने के लिए प्रदेश में जहां पीएमश्री एयर एंबुलेंस सेवा प्रारंभ की गई वहीं धार्मिक पर्यटन हेली सेवा भी प्रारंभ की गई हैं।
मध्यप्रदेश में नागरिक विमानन नीति-2025 लागू की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इसके अंतर्गत घरेलू मार्ग के विकास के लिए 10 लाख रूपए और अंतर्राष्ट्रीय मार्गों के लिए 15 लाख रुपए की सहायता राशि देकर बढ़ावा दिया जा रहा है। माल ढुलाई के कार्य को तेज, सस्ता और सुगम बनाने के लिए एयर कार्गो लॉजिस्टिक्स परियोजनाओं के लिए भी 30 प्रतिशत पूंजीगत सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। कृषि उत्पादों के लिए कार्गो क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने रीवा-रायपुर हवाई यात्रा के लिए केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री और मंत्रालय के अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किजारापु राममोहन नायडू ने नई विमान सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में नई दिल्ली से वर्चुअली शामिल होते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में विमानन क्षेत्र में सुविधाएं बढ़ाने के लिए अच्छा कार्य हो रहा है। केंद्रीय मंत्री ने इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बधाई दी। केंद्रीय मंत्री किजारापु राममोहन नायडू ने बताया कि "वन रूट वन फेयर" के लिए एलाइंस एयर के साथ अनुबंध किया गया है। यह इस तरह का देश में प्रथम अनुबंध है। उन्होंने मध्यप्रदेश में नए विमानतल और नई हवाई पट्टियों के विकास के कार्य निरंतर होते रहने की आशा जताई।
रीवा में हवाई सेवा का शुभारंभ कार्यक्रम हुआ। इसमें उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, वरिष्ठ सांसद विष्णु दत्त शर्मा व जनार्दन मिश्रा के अलावा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। खजुराहो एयरपोर्ट पर भी अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे जो कार्यक्रम से वर्चुअल रूप से जुड़े।
Published on:
18 Mar 2026 02:14 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
