भोपाल

मध्यप्रदेश पर मोहन सरकार की मेहरबानी, 7 हजार करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों को मंजूरी

MP Cabinet Decisions : सीएम मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई एमपी कैबिनेट की बैठक में 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को मंजूरी हुई। ओंकारेश्वर के अद्वैत लोक के लिए 2,278 करोड़, 46 हजार से अधिक घरों के विद्युतीकरण के लिए 193 करोड़ और 9 जिला सहकारी बैंकों को 325 करोड़ रुपये की सहायता स्वीकृत हुई।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 7:01 PM IST
MP Cabinet Decisions
कैबिनेट बैठक लेते सीएम मोहन यादव (फोटो सोर्स: Mohan Yadav Facebook)

MP News : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को राजधानी भोपाल में स्थित मंत्रालय मंत्रि-परिषद की अहम बैठक हुई। बैठक के दौरान प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए हैं। कैबिनेट ने विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं के लिए 7 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि मंजूर हुई है। इनमें ओंकारेश्वर के एकात्म धाम में अद्वैत लोक का निर्माण, हजारों घरों का विद्युतीकरण, सहकारी बैंकों को आर्थिक सहायता और देशी गोवंश को बढ़ावा देने की योजना शामिल है।

बैठक के दौरान ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में अद्वैत लोक के बनाने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक 2,278 करोड़ 99 लाख रुपये की स्वीकृति हुई। इसके तहत शंकर संग्रहालय, माया गैलरी, हाईस्क्रीन थिएटर, लेजर लाइट एंड साउंड शो, कला वीथिका और कलाग्राम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनके जरिये आचार्य शंकर के जीवन और अद्वैत वेदांत दर्शन को प्रदर्शित किया जाएगा।

46 हजार से ज्यादा घर होंगे रोशन

कैबिनेट ने आरडीएसएस योजना के तहत प्रदेश की 1,834 बसाहटों के 46,574 अविद्युतीकृत घरों और 54 शासकीय सार्वजनिक संस्थानों में बिजली पहुंचाने के लिए 193 करोड़ 72 लाख रुपये की कार्ययोजना मंजूर की गई है। इसमें केंद्र सरकार 60 फीसदी और राज्य सरकार 40 फीसदी की हिस्सेदारी रहेगी।

सहकारी बैंकों को मिलेंगे 325 करोड़

प्रदेश के 9 कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए 325 करोड़ रुपये की अंशपूंजी सहायता मंजूर हुई है। इसके तहत रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये, जबकि रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

देशी गाय के पालन पर दिये जाएंगे पुरस्कार

दुग्ध उत्पादन बढ़ावा देने और गिर, साहीवाल, थारपारकर के साथ साथ मालवी जैसी देशी नस्लों के संरक्षण के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार देने की योजना को भी मंजूरी मिली है। पहले साल 2026-27 में 208 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के एक-एक वृंदावन ग्राम में प्रतियोगिता होगी। इसके बाद प्रदेश के 313 विकासखंडों में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विजेताओं को पहले पुरस्कार के तौर पर 1 लाख, दूसरे पुरुस्कार के तौर पर 50 हजार और तीसरे पुरुस्कार के तौर पर 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। पुरस्कार राशि का इस्तेमाल देशी गोवंश के संरक्षण और संवर्धन में करना होगा।

अन्य महत्वपूर्ण फैसले

-सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं को 2030-31 तक जारी रखने के लिए 3,059 करोड़ 7 लाख रुपये मंजूर किए गए।
-मुख्यमंत्री विवेकाधीन अनुदान योजना के लिए 1,165 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
-बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के लंबित चुनाव एक साल आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
-खनिज अन्वेषण और सर्वेक्षण कामों के लिए मध्यप्रदेश राज्य खनिज निगम को नोडल एजेंसी बनाया गया।

ध्यान दें: बैठक में लिए गए फैसलों का उद्देश्य प्रदेश की बुनियादी सुविधाओं का विस्तार देना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और विकास परियोजनाओं को गति देना है।

Updated on:
23 Nov 2026, 7:01 PM IST
Published on: