भोपाल

MP में नए साल पर बड़ा सियासी बदलाव, 4 मंत्रियों की होगी छुट्टी, 7 नए चेहरों को मौका, वरिष्ठ मंत्री को दिल्ली का बुलावा

MP Cabinet Expansion: मध्य प्रदेश में नए साल के साथ सत्ता का समीकरण बदल सकता है। मोहन कैबिनेट में बड़े फेरबदल की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक, चार मंत्रियों की छुट्टी संभव है। आगामी यूपी और पंजाब चुनाव को ध्यान में रखते हुए हो सकती है मंत्रियों की नियुक्ति।
3 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 8:05 AM IST
mp cabinet expansion 4 ministers removal 7 new faces cm mohan yadav
MP Cabinet Expansion News: नए साल मे मोहन कैबिनेट के विस्तार की सुगबुगाहट (फोटो सोर्स- Patrika)

MP Cabinet Expansion News: मध्य प्रदेश की मोहन कैबिनेट के विस्तार की लंबे समय से चली आ रही कवायद एक बार फिर तेज हो गई है। पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में होने वाला विधानसभा चुनाव इसका सबसे बड़ा फैक्टर है। यह विस्तार नए साल 2027 में हो सकता है। संभवतः सीएम डॉ. मोहन यादव का सोमवार से शुरू होने वाले विदेश दौरे को टाले जाने की वजहों में कैबिनेट विस्तार भी एक अहम कारण मानी जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, पुराने मंत्रियों की विधानसभा चुनाव परिणाम से पहले छुट्टी हो सकती है, इनकी जगह 4 नए चेहरे लेंगे। ये नए चेहरे यूपी से सटे मप्र के 14 जिलों की 35 विधानसभाओं में से हो सकते हैं। इनमें दतिया, रीवा, सतना, मुरैना, शिवपुरी, अशोकनगर, सागर, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, भिंड, पन्ना, सीधी व सिंगरौली जिला शामिल है। खास बात है कि इनमें सवर्ण-ओबीसी वर्ग से ब्राह्मण और यादव चेहरों को मौका दिया जा सकता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि यूपी चुनाव में भाजपा, सपा व कांग्रेस जैसे राजनीतिक दल अंदरखाने परिणाम प्रभावित करने वाले फैक्टरों में सवर्ण और ओबीसी वर्ग को प्रभावी मानकर चल रहे हैं।

राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा

केंद्रीय कैबिनेट के विस्तार की सुगबुगाहट है। सूत्रों के मुताबिक पूर्व के महीनों में मंत्रियों को बाहर जाने से मना कर दिया था। अब यूपी और पंजाब चुनाव को देखते फिर से चर्चाओं का दौर जारी है। यदि केंद्र में विस्तार होता है तो इसका असर मप्र की राजनीति पर पड़ना स्वभाविक है। मोहन कैबिनेट से एक वरिष्ठ मंत्री को केंद्र में बुलाया जा सकता है।

सिंधिया खेमे से एक मंत्री को बाहर किया जा सकता है। उनसे कोई विवाद नहीं जुड़ा है, बल्कि अन्य कारण है। उनकी जगह सिंधिया खेमे से ही दूसरे को मंत्री पद दिया जा सकता है।

मोहन कैबिनेट में अभी 5 महिला मंत्री है, इनमें से दो कैबिनेट व 3 राज्यमंत्री है। इनमें से एक विंध्य क्षेत्र की मंत्री की जगह एक अन्य महिला विधायक को दी जा सकती है।

इन मंत्रियों को अवकाश पर भेजने पर ये तर्क

नागर सिंह चौहान, अनुसूचित जाति कल्याण मंत्रीः पहले भाई द्वारा जनपद सीईओ के साथ की गई अभद्रता के कारण चर्चाओं में आए, फिर हाल में एक महिला ने तथाकथित वीडियो ने किरकिरी की। हालांकि मंत्री सभी आरोपों को नकार चुके हैं। तब भी सूत्रों के मुताबिक महिला के वीडियो से राष्ट्रीय नेतृत्व की रीति-नीति पर सवाल खड़े हुए है। इसके पहले चौहान से वन और पर्यावरण विभाग वापस लिए थे। हालांकि पार्टी, उनकी पत्नी एवं सांसद अनीता सिंह को आगे बढ़ाना चाहती है।

लखन सिंह पटेल, राज्यमंत्री आनंद विभागः कुछ महीने पहले ही अचानक पशुपालन विभाग वापस ले लिया। तब से कई कयास लगाए जाने लगे। सूत्रों के मुताबिक उसी समय से मंत्री भी मायूस है. उन्हें चाहने वाले अब भी वाजिब कारण जानना चाहते हैं। सूत्रों के मुताबिक सत्ता व संगठन के अलावा राष्ट्रीय नेतृत्व भी कैबिनेट में सक्रिय सदस्य चाहते हैं, जो जनता के मन में राज करते हो, उन्हें प्रभावित करते हो। जिन पर सवाल उठने लगे, उनसे दूरियां बनाने के किस्से आम हो चुके है।

3 साल का रिपोर्ट कार्ड बनेगा आधार

मोहन सरकार 13 दिसंबर को 3 साल पूरा कर रही है। मंत्रियों को दूसरी बार और विधायकों को पहली बार 20 से 25 दिसंबर के बीच सत्ता-संगठन के सामने रिपोर्ट कार्ड पेश करने हैं। यह मंथन पचमढ़ी, ओरछा, चित्रकूट और अमरकंटक में से किसी एक जगह हो सकता है। कैबिनेट में बदलाव में यह रिपोर्ट भी आधार बनेगी।

एक बार हो चुका है विस्तार

मोहन सरकार के बीते 3 साल के कार्यकाल में 1 बार कैबिनेट विस्तार हो चुका है, जिसमें कांग्रेस से आए रामनिवास रावत को मंत्री पद की शपथ दिलाई थी, हालांकि बाद में वे विजयपुर उप चुनाव हार गए और उन्हें त्याग पत्र देना पड़ा। अब वे राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष हैं।

इन दो फैक्टर पर हो सकता है बदलाव

अभी मोहन कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत मंत्रियों की संख्या 31 है जबकि कैबिनेट में अधिकतम 34 मंत्री हो सकते हैं। इस आधार पर 3 नए मंत्री बनाए जा सकते हैं।

जानकारों के मुताबिक अब यदि 4 पुराने मंत्रियों को हटाया जाता है तब नए चेहरों को मिलाकर मंत्री मंडल में कुल 7 नए मंत्रियों को शामिल किए जाने की गुंजाइश बन सकती है।

Updated on:
23 Nov 2026, 8:05 AM IST
Published on: