भोपाल

MP Cold Weather Alert : अगले 24 घंटे में पड़ेगी हाड़ कंपाने वाली ठंड, भोपाल में चल सकती है शीतलहर

MP Cold Weather Alert : पश्चिमोत्तर इलाके में जेट स्ट्रीम का असर है, जिसकी वजह से सर्द हवाएं मध्य प्रदेश की तरफ बढ़ रही हैं। साथ ही, मध्य पाकिस्तान और राजस्थान में बने चक्रवात के कारण इस सर्दी का असर तेज हुआ है।

2 min read
MP Cold Weather Alert

MP Cold Weather Alert :मध्य प्रदेश में इन दिनों सर्द हवाओं का प्रभाव बढ़ने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को प्रदेशभर में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज हुई है, जिससे शीतलहर के हालात बने हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, प्रदेश में और भी ठंड का असर बढ़ सकता है। राजधानी भोपाल में शीतलहर चलने की संभावना है।

मंडला में गुरुवार को सबसे कम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 7.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम था। मौसम विज्ञानियों के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को तापमान में और गिरावट हो सकती है।

तापमान में गिरावट के ये हैं दो कारण

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमोत्तर इलाके में जेट स्ट्रीम का असर है, जिसकी वजह से सर्द हवाएं मध्य प्रदेश की तरफ बढ़ रही हैं। साथ ही, मध्य पाकिस्तान और राजस्थान में बने चक्रवात के कारण इस सर्दी का असर तेज हुआ है।

शीतलहर कब चलती है?

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, जब रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम हो और ये सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम हो तो शीतलहर की स्थिति की घोषणा की जाती है। वर्तमान में, राजधानी भोपाल में शुक्रवार को शीतलहर चलने की संभावना जताई जा रही है।

प्रदेश के 4 प्रमुख शहरों का तापमान

-भोपाल में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
-इंदौर में अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
-ग्वालियर में अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस रहा तो वहीं न्यूनतम 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
-जबलपुर में अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा तो वहीं न्यूनतम 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस स्थिति के चलते प्रदेशभर में आगामी दिनों के दौरान सर्द हवाओं और तापमान में लगातार गिरावट का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Published on:
22 Nov 2024 08:44 am