भोपाल

MP : आपके मोबाइल पर भी आया है ई-चालान का कोई मैसेज? सावधान! उसपर क्लिक भी न करें

RTO Scam Alert : एमपी में ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी का नया तरीका सामने आया है। ठग वाहन नंबर और जुर्माने की राशि के साथ फर्जी मैसेज भेजकर लोगों को लिंक पर क्लिक करने के लिए उकसाते हैं। भोपाल क्राइम ब्रांच ने वाहन चालकों को अलर्ट जारी कर संदिग्ध लिंक से बचने को कहा है।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 5:28 PM IST
RTO Scam Alert
ट्रैफिक चालान के नाम पर ठगी का नया पैतरा (फोटो सोर्स: Patrika)

MP News : पुलिस के तमाम प्रयासों के बावजूद मध्य प्रदेश में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। हालात ये हैं कि, साइबर पुलिस ठगी के एक तरीके पर लोगों को जागरूक कर नकेल कसती है तो वहीं दूसरी तरफ शातिर ठग लोगों से धोखाधड़ी का तरीका ही बदल देते हैं। यानी जबतक ठगी के एक तरीके को डीकोड किया जाता है, दूसरे तरीके से किसी ने किसी के साथ प्रदेश में ठगी की वारदात हो जाती है। ठगी के एक ऐसे ही पैतरे पर नकेल कसने के लिए क्राइम ब्रांच ने राजधानी भोपाल समेत प्रदेशभर में लोगों को ठगी के इस तरीके से अलर्ट किया है।

इस बार शातिर ठग प्रदेश के वाहन चालकों को ई-चालान के नाम पर फर्जी टेक्स्ट मैसेज भेजकर ठगी का शिकार बना रहे हैं। आरटीओं के नाम पर सीधे लोगों के मोबाइल नंबर के जरिए टैक्स्ट मैसेज पर भेजे जा रहे इन संदेशों में संबंधित व्यक्ति के वाहन का नंबर और चालान की राशि जैसी जानकारी होती है, ताकि सामने वाला शख्स भ्रमित हो जाए। साथ ही मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक कर जुर्माना भरने को भी कहा जाता है। क्राइम ब्रांच ने इस तरह के फर्जी संदेशों को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

ई-चालान के नाम पर ठगी!

साइबर ठगों द्वारा भेजे जा रहे मैसेज देखने में आधिकारिक चालान सूचना जैसा ही लगता है। खास बात ये है कि, फर्जी चालान के मैसेज में वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और बकाया ई-चालान की राशि का भी उल्लेख होता है। इसके बाद भुगतान के लिए एक लिंक भेजकर उस पर क्लिक कर भुगतान जमा करने की बात कही जाती है। लोग इसे वास्तविक चालान समझकर लिंक खोल लेते हैं और अपनी बैंकिंग या भुगतान संबंधी जानकारी साझा कर बैठते हैं। इसके बाद साइबर अपराधी खाते से रकम निकालने की कोशिश करते हैं।

क्राइम ब्रांच का अलर्ट

क्राइम ब्रांच ने किया अलर्ट (फोटो सोर्स: Crime Branch Facebook)

मौजूदा समय में लोगों को भेजे जा रहे ऐसे फर्जी संदेशों को गंभीरता से लेते हुए भोपाल क्राइम ब्रांच ने सोशल मीडिया पर एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि, आरटीओ चालान के नाम पर भेजे जा रहे संदिग्ध मैसेज में मौजूद लिंक फर्जी हो सकता है। ऐसे किसी भी लिंक पर क्लिक करने से बचें। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि, बिना जांच-पड़ताल किसी संदेश को खोलें भी नहीं और न ही अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी कहीं साझा करें।

साइबर ठगी से इस तरह बचें

क्राइम ब्रांच ने सलाह दी है कि, अनजान नंबरों से आने वाले लिंक पर क्लिक ही न करें। न ही किसी संदिग्ध वेबसाइट पर डेबिट-क्रेडिट कार्ड की जानकारी यूपीआई पिन या ओटीपी साझा करें। अगर ई-चालान से संबंधित कोई अलर्ट आता है तो उसी लिंक पर कोई प्रतिक्रिया देने के बजाय वाहन चालान की वास्तविक स्थिति जानने और भुगतान करने के लिए परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in या https://echallan.parivahan.gov.in का इस्तेमाल करें।

Updated on:
25 Nov 2026, 5:28 PM IST
Published on: