भोपाल

‘न कमाई, न इस्तेमाल…’ अब केरल का बानाची एस्टेट और मुंबई का एडवर्ड विला बेचेगी एमपी सरकार

MP Government Property : मध्य प्रदेश सरकार केरल के वायनाड स्थित 224 हेक्टेयर बानाची एस्टेट और मुंबई के एडवर्ड विला को बेचने की तैयारी में है। बानाची एस्टेट की जमीन का मूल्यांकन 280 करोड़ रुपए हुआ है। कैबिनेट में फैसले के बाद PICL को दोनों संपत्तियों का मूल्यांकन और बिक्री प्रक्रिया की जिम्मेदारी सौंपा गई है।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 4:35 PM IST
MP Government Property
वायनाड जिले में स्थित बानाची एस्टेट (फोटो सोर्स: ANI)

MP News :मध्य प्रदेश सरकार जल्द ही केरल के वायनाड जिले में स्थित बानाची एस्टेट और मुंबई का एडवर्ड विला बेचने की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि, केरल में स्थित 224 हेक्टेयर इलाके वाली बानाची एस्टेट के लिए सलाहकार फर्म ने भूमि की कीमत का 280 करोड़ रुपए आंकलन कर लिया है। वहीं, मुंबई के एडवर्ड विला के लिए सलाहकार नियुक्ति की प्रक्रिया की जा रही है।

वित्त विभाग के अंतर्गत आने वाली प्रोविडेंट इन्वेस्टमेंट कंपनी लिमिटेड (पीआइसीएल) द्वारा एजेंसी तय करने के लिए गत 9 अक्टूबर को विज्ञप्ति निकाली थी। 30 अक्टूबर तक आवेदन मांगे गए थे, लेकिन किसी ने इसपर अबतक रुचि नहीं दिखाई। अब एक बार फिर प्रयास किया जाएगा। विभाग के अपर मुख्य सचिव मनीष रस्तोगी ने बताया कि, कैबिनेट में हुए फैसले के बाद इसपर कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, इसपर अभी आखिरी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।

PICL को सौंपी गई जिम्मेदारी

प्रदेश सरकार ने प्रोविडेंट इन्वेस्टमेंट कंपनी लिमिटेड यानी पीआइसीएल को केरल के बानाची एस्टेट और मुंबई के एडवर्ड विला की संपत्ति का मूल्यांकन कराने और उसे बेचने की प्रक्रिया करने के लिए सलाहकार नियुक्त करने की अहम जिम्मेदारी सौंपी है।

अतिथि गृह के रूप में इस्तेमाल हो रहा एडवर्ड विला

आपको बता दें कि, मुंबई के कोलाबा इलाके में स्थित एडवर्ड विला का इस्तेमाल फिलहाल अतिथि गृह के रूप में किया जा रहा है। वहीं, केरल के वायनाड जिले के सुल्तान बाथरी स्थित बानाची एस्टेट को बेचने की तैयारी करीब - करीब पूरी की जा चुकी है।

बानाची एस्टेट के बड़े हिस्से पर किसानों का कब्जा

वहीं, दूसरी तरफ 224 हेक्टेयर इलाके वाली केरल की बानाची एस्टेट की भूमि के 64.95 हेक्टेयर हिस्से को लेकर बताया जा रहा है कि, इसपर स्थानीय 160 किसान परिवारों ने कब्जा कर रखा है। सरकार केरल हाई कोर्ट में भी मामला लेकर गई। न्यायालय ने दोनों राज्यों को आपसी सहमति से मामला सुलझाने के निर्देश दिए हैं।

कैबिनेट में रखा गया था प्रस्ताव

आपको बता दें कि, 17 मार्च 2026 को आयोजित की गई कैबिनेट की बैठक में संपत्ति बेचने का मामला रखा गया था। इसमें मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने मंत्रियों को बताया कि, वहां भूमि के बड़े हिस्से पर अतिक्रमण हो चुका है, साथ ही राज्य को कोई आय भी नहीं हो पा रही। संपत्ति बेचने से पहले स्वतंत्र मूल्यांकन कराया जाएगा, इस आधार पर वित्त विभाग की प्रक्रिया की जा रही है।

Updated on:
23 Nov 2026, 4:35 PM IST
Published on: