Vijay Shah- मंत्री विजय शाह ने फिर मांगी माफी, कर्नल सोफिया पर दिया था विवादास्पद बयान, कहा- अपमान का इरादा नहीं था
Vijay Shah - एमपी के मंत्री विजय शाह Vijay Shah पर देश की शीर्ष अदालत शिकंजा कस चुकी है। सुप्रीम कोर्ट ने उनके खिलाफ अभियोजन के लिए राज्य सरकार को 15 दिन के भीतर निर्णय लेने के निर्देश दिए थे। इस गहमागहमी के बीच विजय शाह का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए अपने बयान के लिए एक बार फिर से माफ़ी मांगी है। सुप्रीम कोर्ट के सख्त रुख के बाद विजय शाह ने वीडियो जारी कर दिया कहा: "मेरा किसी भी महिला अधिकारी, भारतीय सेना या समाज के किसी भी वर्ग का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था…ये शब्द देशभक्ति के जोश, उत्साह और जुनून में कहे गए थे। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी गल्ती दोबारा नहीं होगी।
कर्नल सोफिया कुरैशी मामले में सुप्रीम कोर्ट राज्य सरकार से मंत्री विजय शाह पर अभियोजन के लिए कह चुकी है। इसके बाद से ही उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। ऐसे माहौल के बीच मंत्री विजय शाह ने फिर से माफी मांगी है। उन्होंने कहा है कि मेरे मन में हमेशा भारतीय सेना के लिए बहुत सम्मान रहा है और रहेगा।
मंत्री विजय शाह के मुताबिक मेरी गलती के पीछे की भावना पर विचार किया जाना चाहिए। जैसा कि आप सभी जानते हैं, मेरा कोई गलत इरादा नहीं था। मैंने कई बार ईमानदारी से माफ़ी मांगी है और आज फिर से ऐसा कर रहा हूं। मेरे लिए यह बहुत दुख की बात है कि मेरी एक छोटी सी गलती से इतना बड़ा विवाद खड़ा हो गया। मुझे विश्वास है कि मेरी भावनाओं को सही संदर्भ में समझा जाएगा। मेरे मन में हमेशा भारतीय सेना के लिए बहुत सम्मान रहा है और रहेगा।
विजय शाह ने कहा: सार्वजनिक जीवन में, शब्दों की मर्यादा और संवेदनशीलता बहुत महत्वपूर्ण होती है। मैंने इस घटना पर विचार किया है, इससे सबक सीखा है और मैं इसकी ज़िम्मेदारी लेता हूं। मैं भविष्य में अपने शब्दों को लेकर ज़्यादा सावधान रहूंगा और ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी। एक बार फिर मैं सभी नागरिकों, भारतीय सेना और इस मामले से जुड़े सभी लोगों से ईमानदारी से माफ़ी मांगता हूं।