
MP Nagar Nikay By Elections Update: राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव परिणामों पर सोमवार सुबह से ही देशभर की नजर बनी हुई है। यहां के 309 निकायों के लिए मतगणना चल रही है। शुरुआती रुझान भी आ चुके हैं। इधर एमपी में भी नगरीय निकायों के उपचुनाव होने थे जिन्हें टाल दिया गया है। प्रदेश में 29 सितंबर को होने वाले नगरीय निकाय चुनाव व उपचुनाव के साथ पंचायत उपचुनाव भी स्थगित कर दिए गए हैं। उपचुनाव स्थगित होने से बीजेपी कांग्रेस की टक्कर भी टल गई है, हालांकि ये दलीय आधार पर नहीं थे। स्थगित नगरीय निकाय चुनाव व पंचायत उपचुनाव अब कब होंगे, इसकी कोई तिथि अभी तक तय नहीं की जा सकी है। फिलहाल कहा गया है कि संबंधित जिलों के कलेक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर ही चुनाव आयोग नई तिथियां निर्धारित करेगा।
मध्यप्रदेश में नगरीय निकायों के लिए चुनाव, उपचुनाव व पंचायत उपचुनावों के लिए 29 सितंबर को वोटिंग होनी थी। राज्य निर्वाचन आयोग ने यह तारीख तय की थी। चुनाव प्रक्रिया के अंतर्गत 8 सितंबर से नामांकन शुरू होना था। नगरीय निकायों के परिणाम 3 अक्टूबर को घोषित किए जाने थे। पंचायतों के चुनाव परिणामों के लिए 3 और 5 अक्टूबर की तारीख तय की गई थी।
मध्यप्रदेश में टीकमगढ़ नगरपालिका और धार जिले की कुक्षी नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होने हैं। विभिन्न नगरीय निकायों में 26 पार्षदों के भी उपचुनाव प्रस्तावित थे। इनके अलावा प्रदेशभर में पंचायतों में भी विभिन्न पदों के लिए उपचुनाव प्रस्तावित थे। राज्य में 7 जिला पंचायत सदस्य, 28 जनपद पंचायत सदस्य, 110 सरपंच और 4090 पंच पदों के लिए भी चुनाव होने थे।
जिला कलेक्टरों और जिला निर्वाचन अधिकारियों ने चुनाव कराने में असमर्थता व्यक्त कर दी थी। इसके लिए वर्तमान परिस्थितियों का जिक्र किया गया था। कलेक्टरों व जिला निवार्चन अधिकारियों ने प्रमुख वजह बाढ़ व कानून व्यवस्था बताई। अन्य कुछ कारणों का भी हवाला दिया था
इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने आगर-मालवा जिले के सुसनेर को छोड़कर सभी नगर निकायों के चुनाव, उपचुनाव स्थगित करने का फैसला ले लिया। चुनाव की नई तारीखों के ऐलान पर कहा जा रहा है कि परिस्थितियां अनुकूल होने पर यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चुनाव आयोग, संबंधित जिलों के कलेक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर ही नई तिथियां तय करेगा।
एमपी में पूर्व में तय किए गए शेड्यूल के अनुसार नगरीय उपचुनावों के लिए 8 सितंबर से नामांकन शुरू होना था। इसके बाद 15 सितंबर तक नामांकन जमा करने, 16 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच और 18 सितंबर तक नाम वापसी की तारीख तय की गई थी। 29 सितंबर को मतदान और 3 अक्टूबर को मतगणना करने का प्रोग्राम तय था।