mp news: युवती के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले, परिजनों का आरोप एक साल से परेशान कर रहा था युवक, मारपीट और हत्या की आशंका।
mp news: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के चूना भट्टी इलाके में एक 22 साल की कॉलेज छात्रा की रहस्यमयी तरीके से मौत होने से हड़कंप मच गया। छात्रा को एक युवक जेपी अस्पताल लेकर पहुंचा था और वहां छोड़कर भाग गया। परिजनों ने युवक पर छात्रा को परेशान करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि प्रिया को आखिरी बार युवक तुषार के साथ देखा गया था, जो उसे इलाज के बहाने जेपी अस्पताल लेकर गया और वहां छोड़कर फरार हो गया।
पिता कैलाश मेहरा ने बताया कि प्रिया सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच ईश्वर नगर स्थित अपने घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी। दोपहर तीन बजे उन्हें प्रिया की मौत की सूचना मिली। अस्पताल प्रबंधन ने चूना भट्टी पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी थी। पिता ने बताया कि बेटी के चेहरे, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। यही नहीं शरीर पर ऐसे जख्म भी मिले हैं जो केवल छत से गिरने के नहीं लगते हैं। अगर यह केवल हादसा होता, तो युवक तुषार अस्पताल से भाग क्यों गया है। अगर बेटी छत से गिरती तो केवल गंभीर चोटें आतीं, लेकिन उसके कपड़े फटे हुए थे और शरीर पर बेल्ट जैसे निशान भी थे। शरीर के कुछ हिस्सों पर नीले निशान मिले हैं। इससे आशंका है कि प्रिया के साथ पहले मारपीट की गई और उसके बाद उसकी हत्या की गई। पिता की शिकायत पर चूना भट्टी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पिता कैलाश मेहरा ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को पिछले एक साल से तुषार नाम का युवक परेशान कर रहा था। वह कई बार युवक के बारे में जिक्र किया करती थी। बेटी ने बताया था कि तुषार घर से नूतन कॉलेज तक उसका पीछा करता था। थाना प्रभारी चूना भट्टी धर्मेंद्र मौर्य ने बताया कि पुलिस युवक तुषार की तलाश में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। यह मामला हादसा है या सुनियोजित हत्या है इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। घटना स्थल से सीसीटीवी फुटेज भी हाथ लगे हैं। परिजनों के बयान के आधार छानबीन की जा रही है। मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया है।