MP News: रिटायर्ड जज की बहू की संदिग्ध मौत का मामला, मायके वाले शव का दिल्ली एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़े हुए हैं और शव लेने से इंकार कर दिया है।
MP News: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में रहने वाली रिटायर्ड जज की बहू ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला सुर्खियों में बना हुआ है। मृतका ट्विशा के मायके वालों ने रविवार को सीएम हाउस के पास विरोध प्रदर्शन कर न्याय की गुहार लगाई है। इतना ही नहीं मायके वाले ट्विशा के शव का दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़े हुए हैं और उन्होंने शव लेने से भी इंकार कर दिया है। मायके वालों की शव को दिल्ली ले जाने की मांग के कारण मौत के पांच दिन बाद भी ट्विशा का अंतिम संस्कार नहीं हो पाया है।
रविवार दोपहर को ट्विशा के परिजनों ने सीएम हाउस के बाहर प्रदर्शन किया। ट्विशा के पिता व अन्य परिजन हाथों में तख्तियां लेकर इंसाफ की गुहार लगाने के लिए सीएम हाउस पहुंचे थे, यहां उन्होंने सीएम मोहन यादव से मिलने की गुहार लगाई। सीएम हाउस पर तैनात स्टाफ ने समस्या लिखकर देने और उनकी बात सीएम तक पहुंचाने का आश्वासन दिया लेकिन परिवार सीएम से मिलने की मांग पर अड़ा रहा। इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे ट्विशा के पिता व भाई को सीएम हाउस के अंदर बुलाया गया जहां मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारियों से उनकी बातचीत हुई है।
ट्विशा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद से ही उसके मायके वाले पति व ससुरालवालों पर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगा रहे हैं। ट्विशा के मायके वालों की मांग है कि दिल्ली एम्स में ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया जाए, वो अपनी मांग पर अड़े हुए हैं और इसके कारण ट्विशा के शव का पांच दिनों बाद भी अंतिम संस्कार नहीं हो पाया है।
31 वर्षीय ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थी। दिसंबर, 2025 में शादी डॉट कॉम के जरिए ट्विशा की शादी भोपाल की पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश व भोपाल जिला उपभोक्ता फोरम बेंच-2 की अध्यक्ष गिरिबाला सिंह के अधिवक्ता बेटे समर्थ सिंह के साथ हुई थी। 12 मई की रात ट्विशा नोएडा में रहने वाली अपनी मां और अन्य परिजनों से बात कर बता रही थी कि उसे टार्चर किया जा रहा है। नौकरी छोड़ने के कारण नाकारा कहा जा रहा है। मुझे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा है। इसके बाद ही उसका फोन कट गया और दो घंटे बाद सास गिरिबाला सिंह ने मायके वालों को फोन कर बताया कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
कटारा हिल्स पुलिस ने इस मामले में गिरिबाला और उनके बेटे समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। गिरिबाला सिंह को शुक्रवार देर शाम भोपाल जिला अदालत से अग्रिम जमानत मिल गई है। ट्विशा के मायके वालों ने सास गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत मिलने का विरोध किया है। इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का भी गठन किया गया है। मिसरोद एसीपी रजनीश कश्यप की अध्यक्षता वाली एसआईटी टीम में महिला अधिकारी के साथ कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे और बागसेवनिया थाना प्रभारी संजय सोनी भी शामिल हैं। जांच टीम ने मौके के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन सहित अन्य तथ्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।