भोपाल

पिता की आंखों के सामने बेटी ने तोड़ा दम, हाथ छोड़कर रोड क्रॉस करने भागी थी

mp news: हाथ पकड़कर बेटी को घर ले जा रहा था पिता, अचानक हाथ छोड़ा और दौड़कर रोड क्रॉस कर रही थी बच्ची, कार ने मारी टक्कर।
2 min read
Feb 01, 2026
bhopal
road accident six year old girl dies

mp news: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक दर्दनाक हादसे में एक पिता की आंखों के सामने ही उसकी मासूम बेटी ने दम तोड़ दिया। घटना शहर के ईंटखेड़ी इलाके की है जहां एक 6 साल की बच्ची की कार से टक्कर लगने से मौत हो गई। टक्कर के बाद कार चालक बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंचा था लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। बच्ची अपने पिता के साथ घर लौट रही थी इसी दौरान ये हादसा हुआ। बच्ची की हादसे में मौत होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

पिता का हाथ छोड़कर रोड पर लगाई दौड़

ईंटखेड़ी इलाके में परेवा खेड़ा के पास दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब परेवा खेड़ा के रहने वाले इकबाल अली अपनी 6 साल की बेटी आसिया अली को डॉक्टर के पास से दिखाकर पैदल-पैदल घर लौट रहे थे। मुख्य मार्ग पर अचानक बच्ची आसिया ने पिता का हाथ छोड़ा और दौड़कर रोड क्रॉस करने लगी। तभी तेज रफ्तार से आ रही कार ने आसिया को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से बच्ची आसिया दूर जा गिरी और पिता की चीख निकल पड़ी। उन्होंने बच्ची को उठाया और उसे होश में लाने की कोशिश करने लगे।

कार चालक लेकर पहुंचा अस्पताल

हादसे के बाद कार चालक मौके पर रुका और तुरंत आसिया व उसके पिता इकबाल को कार से ही अस्पताल लेकर पहुंचा लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने आसिया को मृत घोषित कर दिया। पिता इकबाल ने बताया कि बेटी आसिया को तीन दिन से वायरल फीवर था इसलिए वो उसे हाईवे स्थित एक क्लीनिक पर दिखाने के लिए ले गए थे और वहीं से दवाइयां लेकर लौटते वक्त ये हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

Updated on:
01 Feb 2026 06:52 pm
Published on:
01 Feb 2026 06:52 pm