MP Politics: मध्य प्रदेश सरकार ने राजनीतिक नियुक्तियों की शुरुआत कर दी है। गुरूवार शाम लिस्ट जारी की गई जिसमे 2 आयोगों में नए अध्यक्षों नाम है। इसके अलावा 2 और आयोगों के अध्यक्षों की घोषणा भी जल्द हो सकती है।
MP Nigam Mandal list: मध्य प्रदेश सरकार ने आखिरकार राजनीतिक नियुक्तियों की शुरुआत कर दी है। विभिन्न आयोगों में अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति की घोषणा के साथ ही प्रदेश की राजनीति में नई सक्रियता देखने को मिल रही है। इन नियुक्तियों को सामाजिक संतुलन और प्रतिनिधित्व के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है। सरकार द्वारा गुरूवार शाम लिस्ट जारी की गई जिसमे 2 आयोगों में नए अध्यक्षों नाम है। इसके अलावा 2 और आयोगों के अध्यक्षों की घोषणा भी जल्द हो सकती है। लिस्ट जारी होने के बाद एमपी की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
जारी लिस्ट के अनुसार, एमपी अनुसूचित जाति आयोग (MP SC Commission) का अध्यक्ष नरसिंहपुर की गोटेगांव सीट से पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता कैलाश जाटव (Kailash Jatav) को बनाया गया है। जाटव भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा (BJP SC Morcha) के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके है। पूर्व विधायक जाटव इससे पहले भी भाजपा के संगठन में भी कई अहम पदों पर रह चुके हैं। अध्यक्ष के रूप में जाटव के अलावा एससी आयोग में दो और सदस्यों की भी नियुक्ति की गई है। उज्जैन की घट्टिया विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रहे रामलाल मालवीय और भाजपा के वरिष्ठ नेता बारेलाल अहिरवार को आयोग का सदस्य बनाया गया है। रामलाल मालवीय ने साल 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा दामन थामा था। इससे पहले वह तीन बार कांग्रेस की टिकट पर विधायक चुने गए थे।
वहीं, अनुसूचित जनजाति आयोग (MP ST Commission) की कमान एक बार फिर पूर्व विधायक रामलाल रौतेल (Ramlal Rautel) को दी गई है। रौतेल को दूसरी बार एसटी आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले वह 2010 में भी इस पद को संभाल चुके है। रौतेल इससे पहले मध्य प्रदेश कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री का दर्जा) भी रहे है। रौतेल एमपी के आदिवासी जिले अनूपपुर की इसी नाम की सीट से दो बार विधायक रह चुके है। अध्यक्ष के अलावा यहां भी दो और सदस्यों नियुक्त किया गया है। बैतूल की घोड़ाडोंगरी सीट से पूर्व विधायक मंगल सिंह धुर्वे और बालाघाट की बैहर सीट से पूर्व विधायक भगत नेताम को सदस्य नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में अब राज्य महिला आयोग (MP Women Commission)में नियुक्तियों को लेकर हलचल तेज हो गई है। करीब 6 साल बाद आयोग को नया नेतृत्व मिलने जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला आयोग के लिए पूर्व विधायक रेखा यादव (Rekha Yadav) के नाम पर अध्यक्ष पद के लिए सहमति बन चुकी है। महिला आयोग में अध्यक्ष के साथ दो सदस्यों की भी नियुक्ति प्रस्तावित है। रिपोर्ट्स की माने तो पूर्व विधायक साधना स्थापक और ग्वालियर की पूर्व मेयर समीक्षा गुप्ता को आयोग का सदस्य बनाया जा सकता है। वहीं, बाल संरक्षण आयोग (MP Child Protection Commission) का अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा (Dr. Nivedita Sharma) को बनाया जा सकता है। इसकी आधिकारिक पुष्टि जल्द की जा सकती है।