
Singapur Tour : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट (जीआइएस) 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके तहत सीएम डॉ. मोहन यादव विदेशी निवेशकों और उद्योगपतियों को मध्यप्रदेश आने का न्योता देंगे। इसके लिए वे 23 नवंबर की शाम दिल्ली से दक्षिण कोरिया और सिंगापुर की छह दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगे। 28 नवंबर को उनकी वापसी होगी। दोनों देशों में सीएम निवेशकों के साथ बैठकें करेंगे और प्रदेश में निवेश की संभावनाओं का रोडमैप पेश करेंगे। सीएम मोहन यादव के दौरे से राज्य के 10 अधिकारियों को भी विदेश जाने का मौका मिलेगा। इन अधिकारियों की पूरी टीम सीएम के साथ ही रहेगी।
यात्रा के पहले चरण में मुख्यमंत्री मोहन यादव दक्षिण कोरिया जाएंगे। यहां दो दिन उद्योगपतियों और निवेशकों से चर्चा करेंगे। इसके बाद सिंगापुर में भी दो दिन तक विभिन्न कंपनियों और निवेशकों के साथ बैठकें होंगी। दोनों देशों में 10 से अधिक बैठकों का कार्यक्रम तैयार है। दोनों देशों में मप्र में मौजूद संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। इसके लिए एक ठोस रोडमैप बनाया है, इसमें विदेशी निवेश को प्रोत्साहित करने संबंधी बिंदुओं का ध्यान रखा है ताकि दूसरे देश से आने वाले निवेशकों को किसी भी तरह की कोई अड़चन न हो।
मुख्यमंत्री मोहन यादव की विदेश यात्रा से राज्य के 10 अधिकारियों की किस्मत भी चमक उठी है। वे भी सीएम के साथ विदेश दौरे पर जा सकेंगे। विदेश यात्रा की कमान सीएम कार्यालय के एसीएस नीरज मंडलोई संभालेंगे। उनके पास उद्योग विभाग की कमान भी है। सूत्रों के मुताबिक प्रमुख सचिव आइटी एम सेल्वेंद्रन, जनसंपर्क आयुक्त मनीष सिंह व मप्र औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध संचालक चंद्रमौली शुक्ला सहित 10 से अधिक अधिकारी इस टीम में शामिल होंगे।
भोपाल में उद्योगों के लिए बड़े पैमाने पर जमीन जुटाई जा सकती है। उद्योग विभाग का लैंड पूलिंग यानी किसानों की भागीदारी से करीब 3000 एकड़ जमीन जुटाने का प्रस्ताव है। बड़े निवेश के लिए सरकारी जमीन की पहचान कर अवैध कब्जे हटाने और नए औद्योगिक कॉरिडोर विकसित करने से भी विकास के रास्ते खुल सकते हैं।
राजधानी से सटे तामोट के पीछे का पठारी क्षेत्र, आशापुरी, रायसेन रोड और जमुनिया खेड़ा में उद्योगों के लिए पर्याप्त जमीन मिल सकती हैं। अचारपुरा-बैरसिया, पीलूखेड़ी और बढ़ियाखेड़ी के औद्योगिक क्षेत्रों का विस्तार किया जा रहा है। इसके साथ ही बुदनी टेक्सटाइल पार्क और नर्मदापुरम के मोहासा-बाबई में तीसरे व चौथे चरण की भी गुंजाइश बनी हुई है।