
MP Panchayat Election Postponed:मध्य प्रदेश में अगले साल जून-जुलाई में प्रस्तावित पंचायत चुनाव का टलना लगभग तय है। ये साल के अंत तक या जनवरी 2028 तक टाले जा सकते हैं। इसके पीछे जनगणना (Census 2027) के अंतिम आंकड़े और परिसीमन प्रक्रिया में लगने वाले समय का हवाला दिया जा रहा है। जनगणना के अंतिम आंकड़े मार्च 2027 में आएंगे। इसके बाद ही जिला, जनपद के वार्डों-पंचायतों के परिसीमन की प्रक्रिया होगी। इसमें कम से कम 4 से 6 महीने चाहिए। बता दें मप्र में पंचायत चुनाव को जून-जुलाई 2027 में 5 साल हो रहे हैं। ये चुनाव उसके पहले कराने हैं। इसकी प्रक्रिया 6-8 माह पहले करनी पड़ती है। विशेषज्ञों का कहना है, जनगणना जारी है। इसके आंकड़ों के बिना परिसीमन संभव नहीं है। ऐसे में चुनाव का खिसकना तय है।
साल 2027 में होने वाले नगरीय निकाय-पंचायत चुनाव और मतदाता सूची से जुड़ा डेटा केंद्रीय डेटाबेस में उपलब्ध होने के बावजूद आवेदक को जिलों से जानकारी लेने के लिए बाध्य करने और अलग अलग शुल्क की स्थिति पैदा करने पर राज्य निर्वाचन आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। प्रथम अपीलीय अधिकारी ने एक आरटीआइ अपील की सुनवाई में स्पष्ट किया कि जब मांगी गई जानकारी मुख्यालय में उपलब्ध है, तो आवेदन को सभी जिलों में स्थानांतरित करने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने वर्ष 2022 के नगरीय निकाय चुनाव और जुलाई 2026 की मतदाता सूची का डिजिटल डेटा तत्काल निःशुल्क उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।
बता दें कि, सितंबर-अक्टूबर 2026 में मध्यप्रदेश में 103 पदों पर मध्यप्रदेश के कई विधानसभा क्षेत्रों में नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव हुए थे। इनमे सबसे चर्चित आगर मालवा जिले की सुसनेर नगर परिषद का उपचुनाव था जहां भाजपा ने एक बार फिर बाजी मारी। वहीं, भाजपा के क्षेत्र में कांग्रेस को बढ़त देखने को मिली थी। बड़वानी जिले के निवाली जनपद पंचायत के वार्ड में हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने उलटफेर किया था। वहीं, कांग्रेस ने खरगोन जिले के जिला पंचायत वार्ड 19 के उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। दूसरी तरफ रीवा में भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के बेटे अंकुर मिश्रा ने सिरमौर ब्लाक की ग्राम पंचायत हिनौता में सरपंच पद पर चुनाव जीते थे। वहीं, हरदा जिले में भी कांग्रेस को बड़ी जीत मिली थी।