
Bhopal News : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण ( एसआईआर) को लेकर नेता विपक्ष राहुल गांधी द्वारा लगाए आरोपों के बाद अब मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है। इस मामले में भाजपा - कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी के चलते रविवार को राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की।
इस दौरान दोनों नेताओं ने कांग्रेस पर एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दावे-आपत्तियां बुलाना और मतदाता सूची का पुनरीक्षण चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि, एसआईआर में विशेष पुनरीक्षण के तहत दावे-आपत्तियां बुलाने का अधिकार चुनाव आयोग के पास है। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर चुनाव आयोग की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाने का आरोप लगाया। खंडेलवाल ने कहा कि, कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों और बयानों की वो आलोचना करते हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी एसआईआर को लेकर राहुल गांधी के साथ - साथ कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, लोकतंत्र को संभालने की जिम्मेदारी सिर्फ सरकार की ही नहीं है, बल्कि नेता प्रतिपक्ष की भी है। सीएम ने कहा कि, इस तरह के बयान देने वाले राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। साथ ही, अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। सीएम ने ये भी कहा कि, चुनाव आयोग पर सवाल उठाने और उसे भ्रमित करने की कोशिश बर्दाश्त नही की जाएगी। भाजपा चुनाव आयोग के साथ है।
आपको बता दें कि, एसआईआर में हुई गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस ने राज्य स्तरीय आंदोलन का ऐलान किया है। 28 सितंबर सोमवार को पार्टी के नेता राजधानी भोपाल स्थित राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय का घेराव करने की घोषणा कर चुके हैं। यही नहीं, क्योंकि, कलेक्टर हर जिले का निर्वाचन अधिकारी होते हैं। ऐसे में पार्टी द्वारा सभी जिलों के कलेक्टर ऑफिसों का भी घेराव करने की घोषणा कर चुकी है।