
Congress candidate Meenakshi Natarajan: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से बड़ी खबर सामने आ रही है, राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है और कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त कर दिया गया है। बीजेपी की ओर से मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र पर आपत्ति जताई गई थी, जिसके बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द करने का फैसला लिया है। बीजेपी के द्वारा आपत्ति जताए जाने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने नटराजन को कारण बताओ नोटिस जारी कर आज शाम तक जवाब मांगा था। वहीं मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने के बाद कांग्रेस ने कोर्ट जाने की बात कही है।
मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सिंह ने कहा- सत्य की जीत हुई है, कुल मिलाकर मीनाक्षी नटराजन ने जो जानकारियां दी थीं, जो जानबूझकर मामले को छिपाया था, फॉर्म अपूर्ण था, उन्होंने जानकारियां गलत दी थीं। उन सभी आधारों पर पर्याप्त मात्रा में अवसर मिला, दोनों पक्षों ने अपने-अपने तर्क रखे, लेकिन क्योंकि उनके फॉर्म में गंभीर त्रुटियां थीं, जानबूझकर तेलंगाना में दर्ज मामले को छिपाया गया था। इस आधार पर रिटर्निंग ऑफिसर ने मीनाक्षी नटराजन के फॉर्म को निरस्त किया है।
कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा- 'हर जगह कम से कम न्यापालिका का सम्मान करना चाहिए, विधानसभा का सम्मान करना चाहिए, लोकसभा का और संविधान का सम्मान करना चाहिए। कांग्रेस ने हमेशा संविधान की हत्या की है, जितनी भी संवैधानिक संस्थाएं हैं कांग्रेस ने उनका मजाक उड़ाया और यहां भी कांग्रेस ने मजाक उड़ाने की कोशिश की। लेकिन हमारे वकील संकेत गुप्ता ने हमारी बात बड़े अच्छे तरीके से रखी और तेलंगाना के भी हमारे कुछ साथियों ने हमारी मदद की है।'
इससे पहले बीजेपी ने कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन को लेकर आपत्ति जताते हुए नामांकन निरस्त करने की मांग की है। बीजेपी ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने अपने नामांकन पत्र में तेलंगाना की एक कोर्ट में दर्ज केस की जानकारी नहीं दी है। आपत्ति जताने के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया के सामने मीनाक्षी नटराजन पर दर्ज मामले की फोटोकॉपी और कोर्ट में पेश किया गया जवाब भी दिखाया था।
वहीं मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बीजेपी की आपत्ति को निराधार बताया था। उन्होंने कहा था कि नटराजन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है, बल्कि उन्हें कोर्ट से केवल एक नोटिस मिला है। इस दौरान कांग्रेस के कुछ विधायक भी रिटर्निंग ऑफिसर के दफ्तर पहुंचे थे और वहां पर विधायक हेमंत कटारे और विक्रांत भूरिया ने रिटर्निंग ऑफिसर के दफ्तर में घुसने की कोशिश करते हुए हंगामा किया था।