
tarun chugh : एमपी के राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को एक और बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। बीजेपी ने उन्हें गुजरात का चुनाव प्रभारी बनाया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को यह नियुक्ति की। उन्होंने उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए नए राज्य प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्तियां कीं जिनमें तरुण चुघ का नाम भी शामिल है। उन्हें गुजरात का चुनाव प्रभारी का जिम्मा सौंपा गया है। खास बात यह है कि गुजरात में अगले साल ही चुनाव हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक दिन पहले ही अपनी नई कार्यकारिणी घोषित की थी। इसमें जिन 65 पदाधिकारियों की नियुक्तियां की उनमें भी तरुण चुघ शामिल हैं।
तरुण चुग मूलत: अमृतसर के हैं और लंबे अर्से से बीजेपी में संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं। तरुण चुघ को BJP की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भी अहम स्थान दिया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उन्हें अपनी टीम में नेशनल हेडक्वार्टर इन चार्ज बनाया है। गुजरात न केवल पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह का गृह प्रदेश है बल्कि यहां अगले साल चुनाव भी हैं। ऐसे में तरुण चुघ को चुनाव प्रभारी बनाना पार्टी में उनकी अहमियत दर्शाता है। इससे पहले उन्हें तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के प्रभारी की जिम्मेदारी दी जा चुकी है।
तरुण चुघ सन 2024 में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के प्रभारी रहे थे। 2020 में उन्हें तेलंगाना के साथ जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की जिम्मेदारी दी गई थी।
गुजरात में फिलहाल BJP की ही सरकार है। अभी यहां भूपेंद्र पटेल मुख्यमंत्री का दायित्व संभाल रहे हैं। 2022 के पिछले विधानसभा चुनाव में BJP ने यहां की 182 विधानसभा सीटों में से 156 सीटें जीतकर जोरदार बहुमत हासिल किया था। गुजरात में अगले साल दिसंबर तक विधानसभा चुनाव संभावित हैं। तरुण चुघ को अब पीएम नरेंद्र मोदी के गृह प्रदेश में चुनाव जिताने की कठिन जिम्मेदारी दी गई है।
दो दिनों में तरुण चुघ को दूसरी अहम जिम्मेदारी देने के साथ ही बीजेपी में उनके कद और प्रभाव में जबर्दस्त बढ़ोत्तरी हो गई है। वे राष्ट्रीय नेतृत्व के पसंदीदा लोगों में शुमार हो गए हैं। इसी के साथ बीजेपी में प्रदेश के नेताओं का वर्चस्व भी बढ़ रहा है। सोमवार को घोषित राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भी तरुण चुघ समेत प्रदेश के 8 नेताओं को अहम दायित्व दिए गए।