Severe Cold Alert : एमपी में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। सबसे ज्यादा भयावह हालात शहडोल जिले के कल्याणपुर में देखने को मिल रहे हैं। यहां सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Severe Cold Alert : मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। सबसे ज्यादा भयावह हालात शहडोल जिले के कल्याणपुर में देखने को मिल रहे हैं। यहां सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, मौसम विभाग अभी और तापमान गिरने की चेतावनी दे रहा है। वहीं, आज सूबे के कई इलाकों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में जेट स्ट्रीम का असर है। ये जमीन से 12.6 किलोमीटर ऊपर 222 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से बह रही है, जिसका सीधा असर मध्य प्रदेश में दिखाई दे रहा है।
यही नहीं, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जिससे प्रदेश में शीतलहर के हालात हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज सूबे के भोपाल, इंदौर, राजगढ़, शाजापुर और सीहोर जिले में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है।
बात करें बीती रात की तो इस सीजन में पहली बार पारा 3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि, उमरिया का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री, राजगढ़-पचमढ़ी में 5.2 डिग्री, इंदौर में 5.4 डिग्री, शाजापुर के गिरवर में 5.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। रीवा में 5.8 डिग्री, मलाजखंड में 6.7 डिग्री, भोपाल में 6.8 डिग्री, मंडला-नौगांव में 7 डिग्री, रायसेन में 7.4 डिग्री, छिंदवाड़ा में 7.8 डिग्री, शिवपुरी में 8 डिग्री, सतना में 8.1 डिग्री, बैतूल में 8.2 डिग्री, खजुराहो में 8.4 डिग्री, उज्जैन में 8.7 डिग्री, दमोह में 8.8 डिग्री, नरसिंहपुर में 9 डिग्री, जबलपुर में 9.1 डिग्री और ग्वालियर में 9.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश में जहां न्यूनतम में काफी गिरावट दर्ज की गई है तो वहीं अधिक तापमान भी लुढ़का है। बालाघाट के मलाजखंड में पारा 22.7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। वहीं नरसिंहपुर, धार, सीधी, रीवा और बैतूल में पारा 26 डिग्री से कम रहा।