भोपाल

टीचर्स डे पर शिक्षकों को CM मोहन यादव की बड़ी राहत, MP में ऑफलाइन होगी TET परीक्षा

MP TET Exam: भोपाल में शिक्षक दिवस पर हुए सम्मान समारोह में सीएम मोहन यादव ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) में बड़ी राहत देने की घोषणा की, कार्यक्रम में प्रदेश के 33 शिक्षकों का राज्यपाल व सीएम ने सम्मान किया।
2 min read
Sep 05, 2026
mp cm mohan yadav
mp tet exam offline cm mohan yadav teacher day 2026, शिक्षक सम्मान समारोह को संबोधित करते सीएम मोहन यादव (Source- MP Jansampark)

CM Mohan Yadav TET Announcement: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में शिक्षक दिवस पर आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेश के 33 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सीएम मोहन यादव व राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने शिक्षकों को सम्मानित किया। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने शिक्षकों को बड़ी राहत देते हुए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को ऑफलाइन कराने की घोषणा की। इस दौरान सीएम ने मंच से ये भी कहा कि सरकार शिक्षकों की मेहनत का सम्मान करती है।

'ऑफलाइन होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा'

सीएम मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 'हमारी सरकार शिक्षकों के लिए जो बेहतर हो सकता है, ऐसे सभी जरूरी निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध है। शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए भी सरकार प्रयास कर रही है, सरकार शासकीय स्कूलों को प्राइवेट स्कूलों से बेहतर बनाने के लिए प्रयास कर रही है। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) में प्रदेश के शिक्षकों को बड़ी राहत दी और मध्यप्रदेश में TET परीक्षा ऑफलाइन कराने की घोषणा की।

'जहां गुरूर खत्म होता है, वहीं गुरु खड़ा होता है'

सीएम मोहन यादव ने कहा कि पूरी दुनिया में देश का मान निरंतर बढ़ रहा है। इसके पीछे गुरु की महिमा है, क्योंकि जहां गुरूर खत्म होता है, जहां गुण शुरू होता है, वहीं गुरु खड़ा होता है। देश का नक्शा कागजों पर बनता है, लेकिन देश की किस्मत हमारे गुरुजन कक्षाओं में बनाते हैं। हमारे शिक्षक और गुरुजन इन कक्षाओं के अधिपति हैं। शिक्षक कई पीढ़ियों तक अपने शिष्य की प्रगति से आनंदित होता है। उसे जीवन में सबसे अधिक गर्व तब महसूस होता है, जब वो शिष्य को स्वयं से आगे बढ़ते हुए देखता है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार सभी शिक्षकों की मेहनत का सम्मान करती है। जब बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम सामने आते हैं तो इनकी मेरिट लिस्ट में 50 प्रतिशत से अधिक बच्चे हमारे शासकीय स्कूलों के होते हैं, जो शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिश्रम के कारण वहां तक पहुंच पाते हैं।

टीचर्स डे पर राज्य स्तररीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026 में सम्मानित शिक्षक (Source- MP Jansampark)

कार्यक्रम में इन शिक्षकों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक शिवलाल दांगी, धन्नालाल बिसेन, रीतेश कुमार पथाड़े, सुखनंदन साहू, नरेंद्र कुमार भारद्वाज, ओम प्रकाश विश्वकर्मा, महेंद्र सिंह ठाकुर, राकेश कुमार गुप्ता, शिखा शर्मा, लोकेंद्र सिंह पंवार, ज्योति पाठक, राकेश कुमार वर्मा, सुरेश चंद्र सोनी, शर्मिला उपाध्याय, रीनादेवी कटरे, हेमंत कुमार वैद्य, राकेश द्विवेदी, सीमा परमार, पूनम मिश्रा, बिहारीलाल प्रजापति, अरुण कुमार भादे, बलराम अहिरवार, मुकेश कुमार शर्मा, अरुण कुमार मित्तल, मुकेश प्रजापति, मनीष तिवारी, अजय कुमार मिश्रा, मुकेश नागर, राजेश महेश्वरी, मोहित कुमार गर्ग, पूजा पांडे, सतीश पांडे, श्वेता तिवारी, अजिता, शीला पटेल, भैरूलाल ओसारा को सम्मानित किया गया।

Updated on:
05 Sept 2026 03:31 pm
Published on:
05 Sept 2026 03:31 pm