mp weather: मध्यप्रदेश के कई जिलों में बिगड़ा मौसम, नीमच-मंदसौर में कई स्थानों पर बारिश के साथ गिरे ओले।
mp weather: मध्यप्रदेश में रविवार को मौसम के मिजाज अचानक बिगड़ गए और प्रदेश के कई जिलों में आंधी बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है। मंदसौर और नीमच जिले में कई स्थानों पर जमकर ओलावृष्टि हुई है जिसके कारण किसानों को खासा नुकसान हुआ है। मंदसौर में जहां बारिश के साथ ओले गिरे हैं तो वहीं नीमच के ग्रामीण क्षेत्रों में तो ओलावृष्टि के कारण रोड पर बर्फ की चादर बिछ गई। यहां ओलावृष्टि के कारण खेतों में लगी फसल को काफी नुकसान होने की खबरें हैं।
देखें वीडियो-
नीमच जिले में दोपहर के समय जीरन और मल्हारगढ़ मार्ग क्षेत्र के ग्रामीण अंचल में जोरदार ओलावृष्टि हुई है। भंवरासा गांव में सबसे अधिक ओले गिरे हैं। यहां बारिश और ओलावृष्टि के बाद पूरी सड़क पर ओलों की सफेद चादर बिछी नजर आई। जो तस्वीरें सामने आई हैं उनमें रोड पर बर्फ की चादर बिछी नजर आ रही है और ऐसा लग रहा है मानो ये नीमच नहीं बल्कि शिमला की सड़क है जिस पर बर्फ बिछी हुई है। बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि ने यहां किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
वहीं मंदसौर जिले में भी रविवार को मौसम बिगड़ा और बारिश के साथ ओले गिरे। मंदसौर के झारड़ा में बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई है जिसके कारण यहां भी किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है। मौसम की मार झेलने के बाद अब यहां के किसान सरकार से मुआवजे की आस लगाए हुए हैं।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए रविवार को जो बुलेटिन जारी किया है उसमें राजगढ़, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर जिलों में बारिश की संभावना है। (अलर्ट 2 फरवरी सुबह 8:30 बजे तक के लिए है)। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 5 फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टबेंस एक्टिव होने जा रहा है। वर्तमान में अभी तीन-तीन सिस्टम एकसाथ एक्टिव हैं। जिसके कारण कहीं बारिश तो कहीं ओलावृष्टि देखने को मिल रही है। 2 से 5 फरवरी तक मौसम में कई पैटर्न देखने को मिलेंगे। प्रदेश में जेट स्ट्रीम हवाएं भी चल रही हैं। जिसके कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।