भोपाल

MP Weather : एमपी में अगले चार दिन झमाझम, 35 जिलों में बारिश का अलर्ट

MP Weather : अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। प्रदेश के ऊपरी हिस्से से मानसून ट्रफ गुजरने से वातावरण में आर्द्रता बढ़ी है। ऐसे में पूर्वी, मध्य और दक्षिणी जिलों में भारी से अति भारी बारिश के आसार हैं।
2 min read
MP Weather
MP Weather (35 जिलों में बारिश का अलर्ट Photo Source- Patrika)

MP Weather Update :मध्य प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है। इसी के चलते प्रदेश के अलग अलग इलाकों में आगामी 4 दिन झमाझम बारिश का दौर जारी रहने के संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के 35 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें करीब 15 जिलों में जिलों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि 20 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं, बात करें अबतक प्रदेशभर में रिकॉर्ड की गई बारिश की तो औसतन 13 इंच यानी 330.4 मिमी बारिश हो चुकी है, जो पूरे मानसूनी सीजन के सामान्य कोटे का 35 फीसद है।

आपको बता दें कि, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आ रही है। साथ ही, राज्य के ऊपरी हिस्से से मानसून ट्रफ गुजर रही है, जिसके चलते वातावरण में 80 से 95 फीसदी आर्द्रता बनी है। इसी वजह से पूर्वी, मध्य और दक्षिणी जिलों में कहीं - कहीं भारी से अति भारी बारिश के हालात बन रहे हैं। मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय बाढ़ जैसी परिस्थितियों को लेकर भी सतर्क रहने के लिए आगाह किया गया है।

अब भी औसत से कम है बारिश का रिकॉर्ड

प्रदेश के अधिकतर इलाकों में बीते 4 दिन से बारिश का दौर लगातार जारी है। इससे प्रदेश की औसत वर्षा स्तर में तेजी से सुधार तो हुआ है। बावजूद इसके प्रदेश में अबतक बारिश का कोटा 11 फीसदी कम है। वहीं, पूर्वी राज्य पर गौर करें तो यहां हल्की से मध्यम बारिश होने के कारण 15 फीसदी कम बारिश हुई है, जबकि पश्चिमी राज्य में भारी से अति भारी बारिश होने के कारण अब वर्ष अपने औसत कोटे से 8 फीसदी कम दर्ज हुई है।

कहां हालात सामान्य और कहां चिंताजनक?

अगर जिलेवार गौर करें प्रदेश के 14 जिलों में अब तक सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। इनमें भोपाल, इंदौर, सीहोर, देवास, हरदा, राजगढ़, मंदसौर, नीमच, भिंड, बुरहानपुर, आगर-मालवा और दमोह शामिल हैं। जबकि, राज्य के 41 जिले अब भी ऐसे हैं, जहां बारिश सामान्य से कम होने के कारण हालात चिंताजनक हैं। हालांकि, उम्मीद की जा रही है कि, आगामी दिनों में संबंधित जिलों में भी बारिश के स्तर में सुधार होगा।

आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट

प्रदेश के भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, राजगढ़, इंदौर, उज्जैन, देवास, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, खरगोन, खंडवा, बड़वानी, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर और छिंदवाड़ा समेत 35 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। जबकि मैहर, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित कई जिलों में भी रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Updated on:
25 Jul 2026 08:36 am
Published on:
25 Jul 2026 08:28 am