Freight corridor-
Freight corridor- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से एक और ट्रेन शुरु हुई। मंगलवार रात भोपाल–धनबाद/चोपन एक्सप्रेस का शुभारंभ हुआ। सीएम मोहन यादव ने भोपाल रेलवे स्टेशन से नई एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर भोपाल–धनबाद/चोपन एक्सप्रेस को रवाना किया। केंद्रीय रेल मंत्री ने वीसी से संबोधित करते हुए बताया कि फ्रेट कॉरिडोर का एमपी को भी लाभ मिलेगा। वे इस संबंध में भोपाल आकर सीएम से चर्चा करेंगे। रेल मंत्री ने मध्यप्रदेश के लिए उपयोगी करीब 48 हजार करोड़ लागत की रेल परियोजनाओं की जानकारी भी दी।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुसार फ्रेट कॉरिडोर का क्रियान्वयन किया जा रहा है। दानकुनी-सूरत डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर करीब 2 हजार किमी लंबाई का रेल प्रोजेक्ट है जो पश्चिम बंगाल से गुजरात को जोड़ेगा। बजट के बाद इसपर तेजी से कार्य प्रारंभ हो गया है। उन्होंने कहा कि देश का पश्चिम क्षेत्र भी मध्यप्रदेश से बेहतर कनेक्ट होगा, यह प्रधानमंत्री का विजन है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि हजीरा सहित अन्य पोर्ट विकसित होंगे। नये पोर्ट भी बनेंगे। औद्योगिक प्रगति की दृष्टि से मध्यप्रदेश के उद्योगों को अधिक से अधिक लाभ मिलेगा। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस प्रोजेक्ट से मध्यप्रदेश लाभांवित होगा। आयात-निर्यात भी आसान होगा।
मालगाड़ियों की गति बढ़ाने, मौजूदा लाइनों से भीड़ कम करने और लॉजिस्टिक्स लागत में कमी लाने के उद्देश्य से फ्रेट कॉरिडोर क्रियान्वित किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट से एमपी के लाभ और एलाइनमेंट पर चर्चा के लिए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव खुद भोपाल आएंगे। वे एलाइनमेंट पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से विस्तृत चर्चा करेंगे।