पुराने भोपाल की तंग गलियों से गुजरा हनुमान जयंती का जुलूस, हर तरफ जय जय श्री राम की गूंज..
अजय शर्मा
भोपाल. भोपाल की हिंदू-मुस्लिम कौमी एकता ने एक बार फिर दहशतगर्दों को करारा जवाब दिया है। खरगोन में रामनवमी के दिन हुई हिंसा की आंच के बीच भोपाल के पुराने शहर में हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में पुराने शहर में निकाले गए जुलूस के दौरान जो तस्वीर नजर आई वो दहशतगर्दों के चेहरे पर भोपाल की आवाम का करारा तमाचा था। वो लोग जो ये अफवाह फैला रहे थे कि मुस्लिम बाहुल्य इलाके से जुलूस निकाले से शहर की फिजा बिगड़ सकती है उन्हें भोपाल के लोगों ने फूलों से जवाब दिया है।
मुस्लिम भाईयों ने फूल बरसाकर किया जुलूस का स्वागत
तय समय के अनुसार भोपाल के तलैया इलाके से शाम करीब 5.30 बजे हनुमान जन्मोत्सव पर जुलूस की शुरुआत हुई। जुलूस में हजारों की संख्या में हनुमान भक्त शामिल हुए। पुराने शहर की तंग गलियों में भगवा ध्वज लहराते हुए हनुमान भक्त जय-जय श्रीराम के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे तो वहीं रोड किनारे जुलूस के स्वागत में मुस्लिम भाई हाथों में फूल लिए खड़े थे। जिन्होंने फूल बरसाकर जुलूस का स्वागत किया और हिन्दू मुस्लिम एकता की एक बार फिर मिसाल पेश की।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में पुराने शहर में निकाले जा रहे जुलूस के मद्देनजर प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद है। सुरक्षा के मद्देनजर करीब 600 जवान तैनात किए गए हैं। जुलूस मार्ग की 70% दुकानें बंद करा दी गई, सिर्फ खान-पान की दुकानें ही खुली हैं। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए यहां मौजूद सभी मस्जिदों के सामने पुलिस बल तैनात भी किया गया ।
देखें वीडियो-