भोपाल

एमपी के वरिष्ठ मंत्री के घर पहुंचे नरोत्तम मिश्रा, फिर बढ़ाई सियासी हलचल

Narottam Mishra : मंगलवार को नरोत्तम मिश्रा ने फिर बढ़ाई एमपी की सियासी हलचल, करण सिंह वर्मा के निवास पर पहुंचे, जन्मदिन की बधाई दी
2 min read
• •
Oct 06, 2026
करण सिंह वर्मा के निवास पर पहुंचे नरोत्तम मिश्रा
करण सिंह वर्मा के निवास पर पहुंचे नरोत्तम मिश्रा - image X @drnarottammisra

Narottam Mishra : दतिया उपचुनाव के बाद से ही प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा सुर्खियों में बने हुए हैं। वे लगातार सक्रिय भी हैं। पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, बीजेपी संगठन और सत्ता के वरिष्ठ नेताओं से लगातार मुलाकातें भी करते रहते हैं। संगठन नेताओं और मंत्रियों से उनकी भेंट से सियासी गलियारों में खासी हलचल मच जाती है। राजनैतिक अटकलें तेज हो जाती हैं। इसी तारतम्य में वे मंगलवार को प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री करणसिंह वर्मा के घर पहुंचे। नरोत्तम मिश्रा ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।

करण सिंह वर्मा मध्यप्रदेश शासन में राजस्व मंत्री हैं। वे प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता हैं। मंगलवार को केबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा का जन्मदिन है। इस मौके पर उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित करनेवालों का तांता लगा हुआ है। केबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा को जन्मदिवस की बधाई के संदेशों से सोशल मीडिया भरा पड़ा है। प्रदेशभर के नेता और सरकार के मंत्रियों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी मंत्री करण सिंह वर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित प्रदेश के मंत्रियों, विधायकों और पार्टी नेताओं ने उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की है।

केबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा को जन्मदिन की बधाई देने लोग उनके घर पर भी जा रहे हैं। अनेक पार्टी नेता, विधायक, मंत्री उनके भोपाल स्थित निवास पर पहुंचे और जन्मदिन शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

नरोत्तम मिश्रा भी पहुंचे

प्रदेश के वरिष्ठ बीजेपी नेता और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी मंगलवार को केबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा के निवास पर पहुंचे और उन्हें जन्म दिन की बधाई दी। उन्होंने करण सिंह वर्मा को पुष्पगुच्छ भेंट किया। मंत्री वर्मा ने भी पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। केबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा ने पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा से कुछ देर चर्चा भी की। दोनों नेता एक दूसरे के हाथों में हाथ डालकर चलते नजर आए।

सोशल मीडिया पर साझा कीं तस्वीरें

पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने केबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा के जन्मदिन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने अपने एक्स हेंडल पर लिखा:

मप्र शासन के आदरणीय कैबिनेट मंत्री (राजस्व विभाग) मेरे मित्र श्री करण सिंह वर्मा जी को उनके भोपाल स्थित निवास पर पहुंचकर जन्मदिन की आत्मीय एवं अनंत शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

​जगत जननी मां पीतांबरा माई की असीम कृपा और आशीर्वाद सदैव उन पर बना रहे; वे दीर्घायु हों और उनका स्वास्थ्य एवं जीवन हमेशा सुखमय रहे, यही माई से मंगलकामना है।

Updated on:
06 Oct 2026 03:45 pm
Published on:
06 Oct 2026 02:34 pm