
Bhopal News: सोशल मीडिया पर वीडियो देखकर किशोर की जान लेने और उसके अंग निकालने के सनसनीखेज मामले में नए खुलासे हो रहे हैं। अब सामने आया कि वारदात में अल्टो कार का इस्तेमाल किया गया था। जिसे पकड़े जाने से पहले आरोपियों ने कथित तौर पर बेच दिया था। उधर, आरोपियों के बयान के अनुसार, किशोर का अंग तालाब में फेंक दिया गया था। जिसकी बरामदगी के लिए पुलिस टीम तीन अपचारी किशोरों को लेकर छोटा तालाब गई।
सीन रिक्रिएट करने के साथ अंग की तलाश गोताखोरों के जरिए की। तालाब से पॉलीथिन (पन्नी) बरामद की गई है। जिसे देखकर अपचारी किशोरों ने पुलिस को बताया, इसी में अंग को भरकर उन्होंने तालब में फेंका था। हालाकि दिनभर की मशक्कत के बाद भी किशोर का अंग बरामद नहीं किया जा सका। आशंका जताई जा रही है कि या तो वह सड़ गया होगा या फिर मछलियां खा गईं होंगी। मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता जोहेब खान (20) और आमिर कुरैशी (18) से पूछताछ को लेकर पुलिस को दो दिन की रिमांड और बढ़ाई गई है। अब शनिवार तक दोनों आरोपियों से पूछताछ होगी।
गौरतलब है कि इस वारदात का मास्टर माइंड जोहेब खान ने अपना परिचय मेडिकल स्टूडेंट के रूप में देता था। उसी ने साथी आरोपी आमिर और तीन अपचारी किशोरों को सोशल मीडिया पर एक वीडियो दिखाया था। जिसमें दावा किया गया था कि 15-16 साल के किशोर के अंग की विदेश में मांग है और इससे बेचकर 1.20 करोड़ कमाए जा सकते हैं। इसी लालच में आकर जोहेब और आमिर ने साजिश रचकर अपचारी किशारों से स्ट्रीट वेंडर किशोर की हत्या कराई थी और अंग निकलवाया था।
पुलिस अब रैकेट के वित्तीय और लॉजिस्टिक पहलुओं की जांच में जुटी है। सूत्रों की मानें तो मुख्य साजिशकर्ता जोहेब के खाते में वारदात से ठीक दो दिन पहले 12 लाख रुपए आने की बात सामने आई है। पुलिस ने बैंक को पत्र लिखकर विस्तृत जानकारी मांगी है। वहीं, जिस अल्टो कार में अंग रखे गए थे, आरोपियों ने वारदात के बाद उसे बेच दिया था। अब पुलिस कार बरामद करने का भी प्रयास कर रही है। अंदेशा है, इस अंग तस्करी नेटवर्क में कुछ और बड़े नाम या गिरोह शामिल हो सकते हैं।