
Bhoal news: स्मार्ट मीटर के दौर में बिजली बचाने का यह नया ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। बिजली कंपनी के हालिया आंकड़ों से एक दिलचस्प तथ्य सामने आया है कि डेढ़ लाख बिजली उपभोक्ताओं ने अपनी बिजली खपत का एक कड़ा टारगेट सेट कर लिया है। ये सभी उपभोक्ता एक साल से खपत को 145 यूनिट पर ही बरकरार रखे हुए हैं। इसके पीछे की मुख्य वजह 150 यूनिट से ज्यादा खपत होने पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी खत्म होना है। 150 यूनिट के अंदर खपत रहे तो बिल 300 रुपए के आसपास रहता है, इससे अधिक होने पर बिल 1100 रुपए से 1200 रुपए तक बनता है।
पांच से सात यूनिट में 700 से 800 रुपए का बिल बचाने के लिए टार्गेट 145 तय किया हुआ है। स्मार्ट मीटर आने के बाद अब उपभोक्ताओं के पास अपनी बिजली खपत को रियल-टाइम में मॉनिटर करने की सुविधा मिल गई है। ये जागरूक उपभोक्ता अब अपने स्मार्ट मीटर के जरिए खर्च पर पर नजर बनाए हुए हैं। मोबाइल ऐप के जरिए यह ट्रैक कर रहे हैं कि दिन के किस समय बिजली की खपत सबसे ज्यादा हो रही है और किस समय लोड बढ़ रहा है।
उपभोक्ता अब ऐप से अपनी खपत पर नजर रख रहे हैं। उन्हें, इसका लाभ भी मिल रहा है। कई उपभोक्ताओं ने अपने बिजली बिल को इससे नियंत्रित किया है, ये अच्छी बात है।- पीएस चौहान, जीएम भोपाल सिटी
इस समय थ्री स्टार से फाइव स्टार ऊर्जा-कुशल उपकरणों की खरीदी की जा रही है। ज्यादा बिजली खपत करने वाले पारंपरिक बल्बों और पुराने उपकरणों से उपभोक्ता अब तौबा कर रहे हैं। घरों में एलईडी लाइट्स, 5-स्टार रेटिंग वाले इन्वर्टर एसी और कम बिजली खपत करने वाले आधुनिक पंखे व फ्रिज का उपयोग तेजी से बढ़ाया गया है, जिससे न्यूनतम बिजली खर्च में भी घर की सभी जरूरतें आसानी से पूरी हो रही हैं।